हरियाणा रोडवेज बेड़े में 809 बसें बढ़ी, मार्च तक और भी खरीदी जाएंगी, 11 नए बस अड्डे होंगे शुरू, परिवहन मंत्री ने की घोषणा

मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि रोडवेज के सिस्टम को और पारदर्शी बनाने के लिए जल्द ही सभी डिपो में ई-टिकटिंग सुविधा शुरू की जाएगी। यात्रियों को एनसीएमसी कार्ड जारी करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे यात्रा के दौरान कार्ड को स्कैन करने से उनकी यात्रा का किराया कट जाएगा।;

Update: 2021-10-22 10:13 GMT

हरिभूमि न्यूज : हिसार

हरियाणा के परिवहन, खनन तथा कौशल विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश के लोगों को यातायात की और अधिक बेहतर सेवाओं के लिए परिवहन विभाग के बेड़े में 809 बसों की खरीद की गई हैं। मार्च तक और भी बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी। भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और रोडवेज के सिस्टम को और पारदर्शी बनाने के लिए जल्द ही सभी डिपो में ई-टिकटिंग सुविधा शुरू की जाएगी। यात्रियों को एनसीएमसी कार्ड जारी करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे यात्रा के दौरान कार्ड को स्कैन करने से उनकी यात्रा का किराया कट जाएगा। इसके अलावा यात्री कैश देकर भी ई-टिकटिंग मशीन से टिकट ले सकेंगे।

मूलचंद शर्मा ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में 11 अतिरिक्त बस अड्डों को चालू किया जाएगा। हिसार के बस अड्डे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में खनन क्षेत्र में नई भावनाओं के साथ-साथ पारदर्शी व्यवस्था लागू की जा रही है। प्रदेश में माइनिंग माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा। ओवरलोडिंग वाहनों के 450 करोड़ रुपये के चालान किये गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 माइनिंग साइट की ऑक्शन की गई है। करनाल, सोनीपत, यमुनानगर, पंचकूला, दादरी तथा महेंद्रगढ़ में खनन संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिसके बाद लोगों को वाजिब दाम पर निर्माण सामग्री मिलेगी।


Tags:    

Similar News