महिला से दुष्कर्म कर व्यक्ति ने बनाया वीडियो, धमकी देकर पांच लाख रुपये हड़पे
पीड़िता ने परेशान होकर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपित दंपति के खिलाफ धारा 376, 384, 120 बी व 506 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।;
हरिभूमि न्यूज : यमुनानगर
छप्पर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति ने महिला के साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाया। बाद में आरोपित व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से पांच लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपित दंपति के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार छप्पर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने महिला पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि 19 सितंबर 2020 को उसके पास जमेरो देवी का फोन आया। आरोपित ने उसे कहा कि वह से मिलना चाहती है। वह उसके घर मिलने के लिए आ जाए। पीड़िता ने बताया कि जब वह आरोपित जमेरो देवी से मिलने के लिए उसके घर गई तोए वहां पर उसका पति सुरजन सिंह भी मौजूद था। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद जमेरो देवी उसे एक कमरे में ले गई। जहां सुरजन सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान जमेरो देवी ने फोन पर उसका वीडियो बनाया।
आरोपितों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर एक लाख रुपये की मांग की। डर के कारण उसने अपनी लड़की के नाम एफडी को तुड़वा कर आरोपितों को एक लाख रुपये दे दिए। मगर इसके बाद आरोपित उसे बार-बार ब्लैकमेल कर पैसे हड़पने लगे।
पीड़िता ने बताया कि आरोपितों ने उससे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब पांच लाख रुपये हड़प लिए। उसने परेशान होकर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपित दंपति के खिलाफ धारा 376, 384, 120 बी व 506 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।