पुलिस की गिरफ्त से छूटकर अदालत की छत से कूदा आरोपी, जानें फिर क्या हुआ

बिहार के दरभंगा निवासी 28 वर्षीय राजू कुमार गुरुग्राम में सरस्वती एंक्लेव में रहता था। जिसे पुलिस ने एक वेयरहाऊस से चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था।;

Update: 2022-08-01 14:52 GMT

गुरुग्राम। चोरी के मामले में अदालत से पुलिस रिमांड पर लिया गया आरोपी पुलिस की गिरफ्त से छूटकर छत से कूद गया। घायल आरोपी को पुलिस ने सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल भर्ती कराया है। आरोपी का कहना है कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है। जिसके चलते ही उसने पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश की।

बिहार के दरभंगा निवासी 28 वर्षीय राजू कुमार यहां सरस्वती एंक्लेव में रहता था। जिसे पुलिस ने एक वेयरहाऊस से चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। आरोपी राजू को जांच अधिकारी एसआई मंजीत द्वारा सोमवार को जेएमआईसी विनय काकरान की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। कोर्ट से निकलने पर आरोपी पुलिस गिरफ्त से छूट कर अदालत की पहली मंजिल से कूद गया। जिसे उसी समय पकड़ लिया गया।

आरोपी को कान के पास चोट आई है। आरोपी को उपचार के लिए सेक्टर- 10 के सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस अब चोरी के मामले के बाद आरोपी पर पुलिस कस्टडी से भागने के प्रयास का मामला भी दर्ज करेगी। वहीं आरोपी का कहना है कि उसने कंपनी से कपड़ा चोरी तो किया था। लेकिन उसने लैपटाप की चोरी नहीं की और ना ही सीसीटीवी उखाड़े। ये आरोप उस पर कंपनी प्रबंधन ने झूठे लगाए हैं। इसी के चलते वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए अदालत की छत से कूद गया।

Tags:    

Similar News