Adampur By Election : कांग्रेस के बागी कुरड़ाराम नंबरदार होंगे इनेलो के प्रत्याशी, अभय चौटाला ने की घोषणा
अभय चौटाला ने लगाया आरोप कांग्रेस ने जानबूझकर भव्य को जिताने के लिए जयप्रकाश को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी भाजपा के एजेंट की भूमिका निभा रहे हैं।;
आदमपुर उपचुनाव में सभी पाटिर्यों के प्रत्याशियों की तस्वीर साफ अब साफ हो गई। कांग्रेंस पार्टी को अलविदा कहने वाले कुरड़ाराम नंबरदार काे इनेलो ने अपना प्रत्याशी बनाया है। इसकी घोषणा इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने हिसार के ताऊ देवीलाल सदन में की। अभय चौटाला की अध्यक्षता में प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने पगड़ी और पार्टी का पटका पहना कर उन्हें विधिवत रूप से इनेलो में शामिल किया।
इसी मौके पत्रकारों को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हमने आदमपुर हलके के स्थानीय व्यक्ति को चुनाव उम्मीदवार बनाया है और आदमपुर के स्थानीय मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि हम कुलदीप बिश्नोई और उनका परिवार लंबे समय से आदमपुर के विधायक रहे हैं और उनके पिता 13 साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं, उसके बावजूद आज हलके में पानी की समस्या क्यों है? सडक़ों और स्कूलों का बुरा हाल क्यों है? उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान उन्होंने किसानों के आग्रह पर और ऐलनाबाद के लोगों से पूछकर इस्तीफा दिया था लेकिन कुलदीप ने इस्तीफा ईडी और इनकम टैक्स के डर से दिया है जो सीधा आदमपुर की जनता के साथ विश्वासघात किया है। भाजपा का उम्मीदवार विदेश में रहता है और यहां सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए ही आदमपुर आता है।
हमने पहले ही कहा था कि भूपेंद्र हुड्डा कांग्रेस का एजेंट है इसलिए कांग्रेस ने बाहरी उम्मीदवार को टिकट दे कर भाजपा का साथ दिया है और आदमपुर की जनता के साथ धोखा किया है। यह वही जय प्रकाश है जिसने भूपेंद्र हुड्डा के कहने से राज्य सभा चुनाव में भाजपा के सुभाष चन्द्रा को जिताने के लिए स्याही बदली थी। कांग्रेस के उम्मीदवार जय प्रकाश ने बागड़ी लोगों के खिलाफ लठ उठाने जैसी बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग कर आदमपुर की जनता का अपमान किया है और अब इन्हीं बागड़ी लोगों से वोट मांगने आ गया है। आदमपुर हलके के लोग बहुत समझदार हैं और कांग्रेस की जमानत जब्त करवाएंगे।
कुरड़ा राम नंबरदार 40 साल कांग्रेस में रहे और जिला और प्रदेश संगठन सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वर्ष 2000 में उन्होंने हविपा से आदमपुर विधान सभा चुनाव भी लड़ा। कुरड़ा राम नंबरदार ने बीजेपी की केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानूनों के खिलाफ 13 महीने लंबी लड़ाई लड़ी और किसान आंदोलन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे। आदमपुर हलके में पानी का बहुत अभाव था और पानी के लिए इन्होंने लगातार संघर्ष किया और संघर्ष समिति के प्रधान चुने गए।
बता दें कि भाजपा ने भव्य बिश्नोई, कांग्रेस ने भी पूर्व मंत्री जयप्रकाश को, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सतेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। भव्य बिश्नोई और सतेंद्र सिंह अपना परचा दाखिल कर चुके है।