आदमपुर उपचुनाव : सतेंद्र सिंह होंगे आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी
सतेंद्र सिंह के नाम की घोषणा आप (Aap) के हरियाणा प्रभारी तथा राज्यसभा सदस्य डॉ सुशील गुप्ता ने आज पत्रकारों से बातचीत में की।;
हिसार। आम आदमी पार्टी ने आदमपुर उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। कांग्रेस तथा भाजपा में रह चुके सतेंद्र सिंह आम आदमी पार्टी के आदमपुर उपचुनाव से प्रत्याशी होंगे। उनके नाम की घोषणा आप के हरियाणा प्रभारी तथा राज्यसभा सदस्य डॉ सुशील गुप्ता ने आज पत्रकारों से बातचीत में की।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि सर्वे के आधार पर आम आदमी पार्टी की तरफ से सितेंद्र सिंह का नाम सामने आया है। उन्होंने कहा कि हमने लोगों की राय को ध्यान में रखते हुए सितेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं उन्होंने कुलदीप बिश्नोई पर निशाना साधते हुए कहा कि इस देश के वे आदमपुर में पिकनिक मनाने आते हैं। वहीं अपने केस को सेटलमेंट करने के लिए उन्होंने बीजेपी ज्वाइन की है। उन्होंने कहा आदमपुर ने भजनलाल को भी देखा है, कुलदीप बिश्नोई को भी देखा है। अब बारी आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को देखने की है।
मूल रूप से गांव न्योली खुर्द से संबंध रखने वाले सतेंद्र सिंह 2014 में आदमपुर से कांग्रेस की तरफ से चुनाव लड़ चुके हैं। वर्ष 2014 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के कुछ समय बाद सत्येंद्र सिंह ने भाजपा ज्वाइन कर ली थी। सतेंद्र सिंह भाजपा में कई पदों पर आसीन रहे हैं। गत 7 सितंबर को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के हिसार आगमन के दौरान सतेंद्र सिंह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।
आप पार्टी से प्रत्याशी बनाए गए सतेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा में शिक्षा, बिजली, पानी सड़कें आदि मूलभूत सुविधाएं है जो भाजपा के राज में सही नहीं हो रही है। हम इन सभी सुविधाओं को अच्छे तरीके से लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि हम केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर एक रोल मॉडल बनाएंगे और लोगों को पूरी सुविधा देंगे। हमें हमारे देश को आगे बढ़ाना है और शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी आदि पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आदमपुर मेरा जन्म क्षेत्र है और आदमपुर में पला बड़ा हुआ हूं। वे आदमपुर की जनता के बीच लगातार सक्रिय हैं और जनहित के मुद्दे उठाते रहे हैं।