आय से अधिक संपत्ति केस : अजय और दिग्विजय में जागा ओमप्रकाश चौटाला के लिए प्रेम, बोले- ये कांग्रेस का षडयंत्र
आय से अधिक संपत्ति केस में हरियाणा के पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला को दोषी करार दिए जाने के बाद उनके बेटे अजय चौटाला और पौते दिग्विजय चौटाला उनके बचाव में आए हैं इसके लिए कांग्रेस काे जिम्मेदार ठहराया है।;
हरिभूमि न्यूज : सिरसा
आय से अधिक संपत्ति केस में हरियाणा के पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला को दोषी करार दिए जाने के बाद उनके बेटे अजय चौटाला और पौते दिग्विजय चौटाला उनके बचाव में आए हैं इसके लिए कांग्रेस काे जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि इनेलो से अलग होकर जजपा पार्टी बनाने के बाद अजय चौटाला का परिवार अभय के परिवार से दूर ही रहता है।
अपने दादा ओमप्रकाश चौटाला को आय से अधिक संपत्ति मामले में दोषी करार देने पर जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इसको लेकर वे स्वयं व प्रदेश का जन-जन दुखी है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ साजिश के तहत कांग्रेस के बोये हुए बीज हैं लेकिन उन्हें उम्मीद है कि न्यायपालिका से जरूर न्याय मिलेगा। दिग्विजय ने कहा कि पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला आइडियल के तौर पर पूरे प्रदेश में जाने जाते हैं और ऐसे संघर्षशील व्यक्ति के साथ बार-बार ऐसा होना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस के बोये हुए बीज हैं और इन केसों की बुनियाद साजिश के तहत कांग्रेस के शासन में रखी गई थी। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के इन कर्मों की सजा आज जनता हुड्डा को दे रही है। भूपेंद्र हुड्डा से इसका बदला जनता ने पहले भी लिया और आगे भी जनता के रूप में भगवान उनसे बदला लेंगे।
वहीं जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमपकाश चौटाला को आय से अधिक मामले में दोषी करार देने दिए जाने के सवाल पर कहा कि इस मामले में वे ज्यादातर सजा वह पहले ही काट चुके हैं। कोर्ट का 26 को पूर्ण रूप से फैसला आएगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह सारा फर्जीवाड़ा कांग्रेस द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता शमशेर सिंह, सुरजेवाला, करण सिंह दलाल, जगदीश नेहरा सहित अन्य लोगों ने चार्जशीट बनाई थी और यह फर्जीवाड़ा कांग्रेस के नेताओं द्वारा किया गया है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के चिंतन शिविर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को चिंतन शिविर नहीं चिता सजाने की तैयारी करनी चाहिए।