आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर खफा परिजनों ने सीएम व गृहमंत्री को भेजी शिकायत, जानें क्या है मामला

जाखल नगर पालिका चेयरमैन (Municipal Chairman) प्रतिनिधि नोहर चंद गोयल द्वारा नगरपालिका कार्यालय में आत्महत्या (Suicide) करने के मामले में परिजनों ने न्याय की मांग की है। 16 दिन का समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों की कोई भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।;

Update: 2020-11-02 08:40 GMT

हरिभूमि न्यूज : फतेहाबाद/ जाखल

जाखल नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि नोहर चंद गोयल द्वारा नगरपालिका कार्यालय में आत्महत्या (Suicide) करने के मामले में पुलिस द्वारा कई पार्षदों सहित 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज (Case Filed) किए जाने उपरांत अभी तक किसी भी प्रकार की कोई गिरफ्तारी न होने पर परिवार के लोगों ने पुलिस प्रशासन (Police administration) के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। मृतक नोहर चंद के पारिवारिक सदस्यों ने इस बारे अब प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Cm Manohar Lal)  व गृह मंत्री अनिल विज सहित पुलिस के आला अधिकारियों को भेज कर न्याय की मांग की है। मृतक नोहर चंद के परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है।

जानकारी देते हुए मृतक नोहर चंद के पुत्र मुकेश कुमार ने बताया कि बीती 16 अक्टूबर को जाखल नपा अध्यक्ष के प्रति अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होना था, लेकिन मतदान के कुछ समय पहले ही उनके पिता नोहरचंद गोयल ने नपा कार्यलय में ही फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली थी। उस समय मौके पर सुसाइड नोट भी प्राप्त हुआ था, जिसमें कई पार्षदों सहित अन्य कुल 14 लोगों के नाम लिखे हुए मिले थे। पुलिस ने उनके बयान के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था और उनके पिता के शव को पोस्टमार्टम करवाकर संस्कार हेतु सौंप दिया था। उस समय पुलिस की कार्यप्रणाली से खफा होने से दो दिन तक शव का संस्कार नहीं किया गया था, वहीं पुलिस उप अधीक्षक टोहाना बीरम सिंह द्वारा आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन देने पर परिजनों ने दो दिन बाद मृतक नोहर चंद का अंतिम संस्कार कर दिया था।

16 दिन का समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों की कोई भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। मृतक के पुत्र मुकेश कुमार ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री सहित अन्य अला अधिकारियों को पत्र भेज कर आरोपियों को जल्द से जल्द काबू कर न्याय की मांग की है। मृतक के परिजनों ने यह भी आरोप लगया है। कि आरोपियों के सगे संबंधी शहर में बिना किसी खौफ के घूम रहे है, पुलिस उनसे किसी भी प्रकार की कोई पूछताछ नहीं कर रही है।

गौरतलब है कि इस मामले में हरविंदर सिंह लाला पार्षद वार्ड 1, मोनिका गोयल पार्षद वार्ड 3, अनिल कुमार प्रतिनिधि वार्ड 3, सतीश कुमार उर्फ भोला, कीर्ति गोयल पार्षद वार्ड 4, सीता राम मित्तल पार्षद प्रतिनिधि वार्ड 4, गोबिंद राम बाजीगर पार्षद वार्ड 6, स्वाति रानी पार्षद वार्ड 7, विक्रम पार्षद वार्ड 8, विक्रम सैनी पार्षद वार्ड 9, विकास कामरा पार्षद वार्ड 10, अमित कुमार पार्षद वार्ड 11, निटी बंसल पार्षद वार्ड 12, पुनीत बंसल पार्षद प्रतिनिधि वार्ड 12 सहित 14 लोगों पर पुलिस ने 16 अक्टूबर को मामला दर्ज कर लिया गया था लेकिन पार्षदों सहित 14 लोगों को पुलिस पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। इसे लेकर मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किये है। यहां तक की जाखल क्षेत्र के लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोपियों ने फतेहाबाद अतिरिक्त सेशन जज की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी जिसे कोर्ट द्वारा नामंजूर कर दिया गया है। इसमें से कुछ आरोपियों ने इसकी अग्रिम जमानत याचिका पंजाब एंड हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में भी दायर की हुई है। पुलिस का कहना है कि वह पहले जिला अदालत में उनकी अग्रिम जमानत को रद्द करवा चुकी है व अब उच्च न्यायालय में भी इस पर ऐतराज जताया जाएगा।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

थाना प्रभारी विक्रम सिंह जोशन ने कहा कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमार  कार्रवाई कर रही है। पुलिस को जैसे ही कोई सूचना मिलती है तो आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजकर मृतक के परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।

Tags:    

Similar News