एक्शन मोड में नजर आए Anil Vij : जनता दरबार में रिटायर्ड सूबेदार मेजर की शिकायत पर घरौंडा के डीएसपी को किया सस्पेंड

  • बोले, किसी मामले में पुलिस की संलप्तिता मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई
  • महिला कांस्टेबल की शिकायत पर एक वर्ष से फरार चल रहे उसके कांस्टेबल पति को सस्पेंड करने के दिए निर्देश
;

Update: 2023-07-22 14:22 GMT

Ambala : हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज (Anil Vij) जनता दरबार में पुलिस विभाग के खिलाफ एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने रिटायर्ड सूबेदार मेजर की शिकायत पर घरौंडा के डीएसपी मनोज कुमार को सस्पेंड कर दिया। वहीं पानीपत के एक पुलिस कांस्टेबल को भी सस्पेंड करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में पुलिस के खिलाफ शिकायतों को देखकर गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि किसी मामले में पुलिस की संलप्तिता उन्हें मिली तो दोषी स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस का काम कानून व्यवस्था को बनाए रखना है।

जनता दरबार में करनाल से आए रिटायर्ड सूबेदार मेजर ने आरोप लगाया कि उस पर घरौंडा पुलिस द्वारा फर्जी मारपीट एवं अन्य मामले दर्ज किए गए। इसकी शिकायत उसने पूर्व में भी गृह मंत्री अनिल विज से की थी जिसके बाद घरौंडा थाना पुलिस के एक एएसआई और सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया था, मगर मुख्य आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। गृह मंत्री अनिल विज ने इस मामले में घरौंडा के डीएसपी मनोज कुमार को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। एक अन्य मामले में पानीपत से आई महिला कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे छोड़कर चला गया है और ससुराल पक्ष द्वारा उसे नहीं रखा जा रहा। उसका पति पुलिस विभाग में सिपाही है और वह बीते एक वर्ष से ड्यूटी पर भी नहीं गया। मंत्री विज ने इस मामले में पुलिस अधिकारियों से कांस्टेबल के संबंध में जानकारी मांगी और पाया कि वह एक वर्ष से फरार है। गृह मंत्री ने कांस्टेबल को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हर माह के दूसरे और चौथे शनिवार को जनता कैंप में वह जनता की समस्याएं सुनते हैं। आज बारिश के बावजूद काफी संख्या में हर क्षेत्र से लोग आए हैं। इस बार जो बाढ़ आई, वह बड़ी आपदा है, प्रशासन आगे भी इंतजाम कर रहा है और अम्बाला जिले को बाढ़ग्रस्त जिला घोषित कर दिया गया है। जो नुक्सान हुआ है, प्रभावित को उसका मुआवजा दिया जाएगा। शहर के लोग नगर परिषद और गांव के लोग तहसील में अपने नुक्सान के पत्र दे सकते हैं। सरकार ने मुआवजा घोषित कर दिया है। बीमारियों से रोकथाम के लिए टीमें लगातार छिड़काव कर रही है। जनता दरबार में शनिवार करनाल जिला से कई मामले आए, जिस पर गृह मंत्री अनिल विज खफा दिखे और उन्होंने करनाल पुलिस को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने के निर्देश दिए। जनता की सुनवाई पुलिस को ठीक प्रकार से करनी चाहिए ताकि उन तक मामले न पहुंचे।

बलात्कार मामले में कार्रवाई करने के लिए 20 हजार मांगने का आरोप 

जनता दरबार में कुरुक्षेत्र के शाहबाद से आए व्यक्ति ने उसकी पत्नी के साथ बलात्कार के आरोप लगाए। आरोप था कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही और जांच अधिकारी ने कार्रवाई करने के लिए 20 हजार रुपए उनसे लिए। गृह मंत्री अनिल विज ने कुरुक्षेत्र एसपी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। झज्जर जिले से आए परिवार ने दहेज उत्पीड़न के मामले में वहीं के डीडीपीओ पर पुलिस पर दबाव डालने के आरोप लगाए। परिवार ने कहा कि पुलिस द्वारा अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। गृह मंत्री अनिल विज ने मामले में एसपी झज्जर को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें - Bhupender Hooda बोले : बाढ़ ग्रस्त लोगों को मुआवजे के लिए पोर्टल के झंझट में ना फंसाए भाजपा-जजपा


Tags:    

Similar News