भ्रूण लिंग जांच करवाने जा रही थी एएनएम व आशा वर्कर दिल्ली से गिरफ्तार, 28 हजार में हुआ था सौदा

भ्रूण लिंग जांच कराने के लिए सोनीपत के हरियाणा अस्पताल के कर्मचारी ने महिला को दिल्ली भेजा था। आरोपियों ने बताया कि वे रोहिणी के सेक्टर 20 निवासी स्टाफ नर्स सीमा से भ्रूण लिंग जांच करवाते हैं।;

Update: 2022-07-30 16:27 GMT

हरिभूमि न्यूज : सोनीपत

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भ्रूण लिंग जांच करवाने जा रही दो महिलाओं को दिल्ली में पकड़ा है। साथ ही उनसे 28 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। भ्रूण लिंग जांच कराने के लिए सोनीपत के हरियाणा अस्पताल के कर्मचारी ने महिला को दिल्ली भेजा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।

सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने छापामार कार्रवाई के लिए उप सिविल सर्जन डॉ. स्वराज चौधरी, डॉ. पंकज सांगवान व डॉ .कपिल यादव की टीम गठित की थी। टीम ने डिकॉय गर्भवती महिला का संपर्क सोनीपत के हरियाणा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में काम करने वाले दलाल रविंद्र से कराया। इसके बाद दलाल रविंद्र ने दिल्ली में आशा वर्कर सरिता से संपर्क किया और भ्रूण लिंग जांच कराने के लिए 28 हजार रुपये में सौदा तय किया।

दलाल महिला को लेकर दिल्ली के मुंडका स्टेशन पर पहुंचा। वहां से आशा वर्कर सरिता उन्हें कार में बैठाकर उद्योग विहार मेट्रो स्टेशन ले गई और 28 हजार रुपये भी ले लिए। टीम ने एएनएम मुकेश और आशा वर्कर सरिता को पकड़ लिया। दोनों ने बताया कि रोहिणी के सेक्टर 20 निवासी स्टाफ नर्स सीमा से भ्रूण लिंग जांच करवाते हैं। सीमा अपने घर पर भ्रूण लिंग जांच करती है। दोनों महिलाओं को काबू कर पुलिस को सौंप दिया गया है।

Tags:    

Similar News