प्रॉपर्टी सर्वे में मिली कमियां ठीक करवाने का एक और मौका
लोग 5 अप्रैल तक नगर पालिका प्रशासन की ओर से जारी किए गए पॉर्टल पर अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं।;
हरिभूमि न्यूज. जाखल ( फतेहाबाद)
सरकार की ओर से करवाए गए प्रॉपर्टी सर्वे में पाई गई कमियों को लेकर लोगों को एक और मौका इसे ठीक करवाने के लिए दिया है। अब लोग 5 अप्रैल तक नगर पालिका प्रशासन की ओर से जारी किए गए पॉर्टल पर अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं जिसके बाद नगर पालिका प्रशासन की ओर से इन पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
प्रदेश सरकार के स्थानीय निकाय विभाग की ओर से पहले करवाए गए सर्वे में 4 मार्च तक इस पर आपत्ति जताने के लिए कहा गया था, लेकिन इस सर्वे में अधिकांश लोगों की प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी पाए जाने पर लोगों ने दावे एवं आपत्तियां जताने के लिए समय बढ़ाने की मांग की थी। लोगों की मांग थी कि इसके लिए कम से कम 31 मार्च का समय दिया जाए। निकाय विभाग की ओर से अब इन दावे एवं आपत्तियों के लिए 5 अप्रैल तक का समय दिया गया है। जैसे-जैसे लोग अपनी संपत्ति का विवरण पोर्टल के माध्यम से देख रहे हैं वैसे ही इसमें कमियां निकल कर सामने आ रही हैं। अनेक लोगों का सर्वे में नक्शा नहीं मिल रहा है। वहीं कई लोगों ने अपने नाम व प्रॉपर्टी के एरिया में गलतियां होना बताया है। नगरपालिका के सहायक जितेंद्र अहलावत ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी जारी की जा रही है। इसमें लोगों को अपनी अपनी आईडी जांचने के लिए बकायदा अखबारों एवं मुनादी करवाकर सूचित किया गया है। जिन लोगों के विवरण में कोई कमी है तो वह ऑनलाइन माध्यम से 5 अप्रैल तक शिकायत दर्ज कर सकते हैं।