कांग्रेस छोड़ चुके अशोक तंवर बोले - कांग्रेस के लोग ही कांग्रेस को खत्म कर रहे
अपना भारत मोर्चा के संयोजक एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि कोरोना महामारी के दौरान अकाल मृत्यु का शिकार हुए लोगों के परिजनों को मुआवजा दिया जाए।;
हिसार। अपना भारत मोर्चा के संयोजक एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि वह कोरोना महामारी के दौरान अकाल मृत्यु का शिकार हुए लोगों के परिजनों को मुआवजा दे। डॉ. तंवर सोमवार को हिसार में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर के बारे में कहा जा रहा है। सरकार यह बताए कि उसने तीसरी लहर से निपटने की कितनी तैयारी की है। सरकार की बदइंतजामी के कारण कोरोना की दो लहरों के दौरान सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई।
डॉ. तंवर ने कहा कि सरकार आंध्र प्रदेश की तर्ज पर पूरी वैक्सीन उपलब्ध करवाए ताकि लोगों को बचाया जा सके। पूर्व सांसद ने कहा कि हरियाणा सरकार 600 दिन पूरे होने पर उपलब्धियां गिना रही है मगर हकीकत यह है कि सरकार ने आम आदमी का जीवन सुखद बनाने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि बारिश का सीजन अभी आया नहीं लेकिन प्री मानसून में ही प्रदेश में जगह-जगह जलभराव हो गया है। लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने किसानों की समस्या पर चर्चा करते हुए कहा कि किसानों के संघर्ष को लंबा वक्त बीत गया है। सरकार को उनके साथ बैठकर चर्चा करनी चाहिए और समस्या का हल निकालना चाहिए।
कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए डॉ. तंवर ने कहा कि कांग्रेस जहां थी, उससे भी पीछे चली गई है। नेताओं में आपसी फूट है जिसके कारण कांग्रेस के बड़े चेहरे पार्टी छोड़कर दूसरे दलों में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपना भारत मोर्चा जनता को समर्पित है। हमारे मोर्चे के दबाव के कारण ही कांग्रेस बाहर निकली है। कांग्रेस के लोग ही कांग्रेस को खत्म करने में लगे हैं। आने वाला वक्त अपना भारत मोर्चा का है।