चरखी दादरी : झगड़ा सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, एएसआई घायल
अंधेरा होने के कारण आरोपितों का पता नहीं चल पाया। घायल पुलिस कर्मचारी को दादरी सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।;
हरिभूमि न्यूज, चरखी दादरी
बीती देर रात गांव पैंतावास कलां में कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में एक पुलिस कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गया। जिसको उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीती रात करीब 10 बजे पैंतावास कलां गांव में नरेश व पूर्व सरपंच अजीत सिंह के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। नरेश कुमार ने 112 नंबर झगड़े की सूचना दी तथा पुलिस सहायता मांगी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोगों ने पुलिस कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमले में एएसआई महेंद्र के सिर पर पत्थर लगने से घायल हो गया। साथी पुलिस कर्मचारियों ने गांव से भागकर जान बचाई तथा पुलिस अधिकारियों को वारदात की सूचना दी।
पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने झगड़े में बीच-बचाव करने का प्रयास किया था कुछ लोगों ने ईंट बरसानी शुरू कर दी। अंधेरा होने के कारण आरोपितों की संख्या का पता नहीं चल पाया। घायल महेंद्र को दादरी सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।