जल्द बनेगी दादा लख्मी फिल्म पार्ट -2 : नजर आएंगे बाजे भगत, मांगे राम व फौजी मेहर सिंह, एक्टर यशपाल शर्मा ने किया ऐलान

यशपाल शर्मा ने बताया कि फिल्म निर्माण के दौरान कुछ मामलों में आधुनिक तकनीक का सहारा लेने के बावजूद पंडित लखमीचंद जी के गीत संगीत की वास्तविक खुशबू बरकरार रखने के लिए पारम्परिक वाद्ययंत्रों का ही इस्तेमाल किया गया है।;

Update: 2022-11-13 12:54 GMT

हरिभूमि न्यूज : बहादुरगढ़

प्रख्यात अभिनेता और दादा लख्मी फिल्म के निर्देशक यशपाल शर्मा रविवार को बहादुरगढ़ पहुंचे और फिल्म के निर्माण से जुड़े अनेक पहलुओं पर चर्चा की। फिल्म के लेखक राजू मान के अलावा फिल्म के कार्यकारी निर्माता रामपाल बलहारा व अभिनेता राजेश गोयल भी उपस्थित रहे।

हरियाणा के शेक्सपियर कहे जाने वाले अमर रागिनी गायक पंडित लखमीचंद के व्यक्तित्व व कृतित्व पर बनी बहुचर्चित फिल्म दादा लखमी के निर्माण व इसकी सफलता का श्रेय निर्देशक यशपाल शर्मा ने निर्माता रविंद्र राजावत, लेखक राजू मान, संगीतकार उत्तम सिंह और करीब 250 छोटे-बड़े कलाकारों सहित हर विभाग से जुड़े लोगों को दिया। उन्होंने कहा कि 68 अंतरराष्ट्रीय व असंख्य राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर इसने तमाम कलाकारों सहित समस्त हरियाणावासियों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

यशपाल शर्मा ने दादा लख्मी फिल्म की सफलता से उत्साहित होकर शीघ्र ही दादा लखमी पार्ट-2 भी बनाने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माण के दौरान कुछ मामलों में आधुनिक तकनीक का सहारा लेने के बावजूद पंडित लखमीचंद जी के गीत संगीत की वास्तविक खुशबू बरकरार रखने के लिए पारम्परिक वाद्ययंत्रों का ही इस्तेमाल किया गया है। उनके अनुसार दादा लखमी पार्ट-2 में पंडित लखमीचंद के समकालीन व उनके शिष्य रागिनी गायक यानि बाजे भगत, मांगे राम व फौजी मेहर सिंह आदि भी अपनी अमर रचनाओं के साथ नजर आएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि डबिंग की बजाय सब टाईटल्स का विकल्प इसलिए चुना गया है ताकि हरियाणवी संवादों का वास्तविक लहजा और उसकी खुशबू यूंही बरकरार रहे।

Tags:    

Similar News