दुल्हन गोलीकांड : दुल्हन की मां हाथ जोड़ कर बाेली- काेई मेरी बेटी को बचा ले
दुल्हन की मां का कहना है कि उनकी बेटी के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।;
रोहतक : दुल्हन गोलीकांड को लेकर लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। वहीं पीजीआई में भर्ती तनिष्का की मां भी सामने आई है। उनका कहना है कि उनकी बेटी के साथ अन्याय हुआ है। कोई मेरी बेटी का बचा ले, उसका अच्छे चिकित्सकों से उपचार होना चाहिए। पीजीआई में कोई चिकित्सक उन्हें उपचार से सम्बंधित सही जानकारी नहीं दे रहा। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने सोमवार को आरोपित साहिल को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। इसके अलावा उसके साथी अजय उर्फ आलू को गिरफ्तार किया गया।
वहीं सोमवार शाम को चौपाल में हुई पंचायत में पहुंचे लोगों ने कहा कि तनिष्का का परिवार गरीब है। वह प्राइवेट अस्पताल में उपचार करवाने में सक्षम नहीं है। इसलिए उसके इलाज के लिए आर्थिक सहयोग किया जाएगा। इससे पहले रविवार को भी चार गांवोें के लोगों की पंचायत हुई थी।
यह था मामला : एक दिसम्बर की रात को रात को मोहन निवासी भाली ने पुलिस को शिकायत दी। उसने बताया कि उसकी शादी सांपला निवासी तनिष्का के साथ एक दिसम्बर को हुई है। शादी के बाद वह अपनी पत्नी को रात के समय अपने घर भाली लेकर जा रहा था। गाड़ी में वह, उसकी पत्नी, उसका भाई और साला बैठे हुए थे। उनकी गाड़ी गांव भाली में स्थित शिव मंदिर के पास पहुंची। तभी इनोवा गाड़ी ने ओवरटेक करते हुए उनकी गाड़ी रूकवा ली। गाड़ी से नीचे उतरे युवकों ने उनकी गाड़ी की चाबी छीन ली। वह जब तक कुछ समझ पाते हमलावरों ने तनिष्का को गोलियां मार दी। आरोपित उनके भाई सुनील से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। गोली लगने से घायल तनिष्का को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।