बहादुरगढ़ क्षेत्र में बेरहमी से हत्‍या : युवक को लाठी-डंडों और चाकू से प्रहार कर मौत के घाट उतारा

कॉलोनी के ही एक निवासी युवक व उसके साथियों पर हत्या का आरोप है। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।;

Update: 2022-06-09 11:47 GMT

बहादुरगढ़ : गांव इस्सरहेड़ी के माया गार्डन में वीरवार की दोपहर एक युवक की बेरहमी पूर्वक हत्या कर दी गई। कई हमलावरों ने लाठी-डंडों और चाकू से प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। कॉलोनी के ही एक निवासी युवक व उसके साथियों पर हत्या का आरोप है। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान करीब 19 वर्षीय सागर के रूप में हुई है। सागर इस्सरहेड़ी में स्थित माया गार्डन का निवासी था। दिल्ली के महिपालपुर में स्थित एक न्यूट्रीशियन सप्लीमेंट कंपनी में काम करता था। बताते हैं कि वीरवार को काम करके कंपनी से घर लौट रहा था। इस दौरान बस में उसका सचिन बिहारी नाम के एक युवक से विवाद हो गया। तब अन्य यात्रियों/कर्मचारियों ने सुलह करा दी लेकिन सचिन मन में खुन्नस पाले हुए था। दोपहर करीब पौने एक बजे जब सागर अपने मकान के पास पहुंचा तो वहां सचिन ने अपने कुछ साथियों को फोन करके बुला लिया। सचिन व उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। लाठी डंडों से हमला कर दिया। चाकू से पेट सहित अन्य हिस्सों में कई बार प्रहार किए। इसके बाद फरार हो गए। खून से लथपथ सागर तड़प-तड़प कर मर गया। किसी ने यह सूचना उसके परिजनों को दी।

सूचना मिलते ही सदर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को नागरिक अस्पताल में रखवाया और परिजनों के बयान लिए। मुख्य हमलावर और उसके साथियों के नाम सामने आ चुके हैं। रंजिश की वजह अभी सामने नहीं आई है। सचिन और सागर एक ही कंपनी में काम करते थे। आरोपित भी माया गार्डन का रहने वाला है। सागर चार  भाई बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिजनों का हाल बेहाल है। उधर, सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में जांच चल रही है। कुछ आरोपितों के नाम सामने आए हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर वारदात सुलझाई जाएगी।

Tags:    

Similar News