Sonipat: कुख्यात गैंगस्टर रामकरण के खिलाफ बड़ा एक्शन, अवैध संपत्ति पर चला पीला पंजा

जिला प्रशासन और पुलिस ने बैयांपुर में अवैध रूप से बनाई गई गैंगस्टर रामकरण की दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। रामकरण के पिता ने इस कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन एक नहीं चली। पढ़िये पूरा मामला...;

Update: 2022-12-07 16:05 GMT

हरियाणा के सोनीपत में कुख्यात बदमाशों की अवैध रूप से बनाई गई जमीन-जायदाद पर पुलिस का पीला पंजा लगातार चल रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को बैयांपुर में कुख्यात गैंगस्टर रामकरण की तरफ से अवैध रूप से बनाई गई तीन दुकानों को पुलिस व जिला प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। बुलेटप्रूफ कार और अत्याधुनिक हथियार रखने के साथ ही करीब 30 मामलों में नामजद रामकरण फिलहाल जेल में बंद है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई में बिना नक्शा पास कराए बनाई गई दुकानों को गिराया गया। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा रही। इस दौरान गैंगस्टर के पिता और भाई ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस बल के सामने वह कुछ नहीं कर सके। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी रामकरण गैंग के शूटर प्रियव्रत फौजी को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, उसका नाम कुख्यात राजू बसौदी व लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ जुड़ चुका है।

कुख्यात गैंगस्टर रामकरण ने अपने गांव के अड्डे के पास जमीन पर अवैध रूप से तीन दुकान बना रखी थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने बुधवार को बुलडोजर ले जाकर तीनों दुकानों व बरामदा गिरा दिया। जिला योजनाकार देशराज सिंह के साथ भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए दुकानों को गिरा दिया। नगर योजनाकार को जानकारी दी गई थी कि रामकरण बैंयापुर ने मानकों को ताक पर रखकर दुकान बनाई हुई हैं।

सदर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल बैंयापुर पहुंचा। वहां पर रामकरण की दुकानों को गिराना शुरू कर दिया। उनकी तीन दुकानों पर बुलडोजर चला। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ लगी रही। पुलिस का दावा है कि गैंगस्टर के अवैध भवन गिराने से लोगों में उनका डर नहीं रहेगा। पुलिस ने दो दिन पहले ही उस पर नोटिस चस्पा कर दिया था। इससे पहले भी संदीप उर्फ काला जठेड़ी व शराब तस्करी के आरोपी भूपेंद्र खरखौदा के भवन गिराए जा चुके हैं।

लॉरेंस गैंग के साथ भी जुड़ा था नाम

कुख्यात गैंगस्टर रामकरण लॉरेंस बिश्नोई, राजू बसौदी और काला जठेड़ी के साथ मिलकर अपराध की दुनिया में वारदात को अंजाम दे चुका है। वह फिलहाल जेल में है। पंजाब के गायक सिद्धू मुसेवाला की हत्या में लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों के साथ रामकरण बैंयापुर का शार्प शूटर प्रियव्रत फौजी भी गिरफ्तार किया गया है। वह फिलहाल पंजाब की जेल में है। रामकरण बैंयापुर ने न्यायालय परिसर में बिट्टू बरोणा पर हरियाणा पुलिस के सिपाही महेश से मिलकर हमला कराया था। उसके साथ ही बरोणा में बिट्टू के पिता कृष्णचंद की हत्या करा दी थी। रामकरण बैंयापुर पर आरोप है कि उसने मानकों को ताक पर रखकर दुकान बनाने के साथ ही प्लाटों पर कब्जा जमाया हुआ है। वह शराब कारोबारी संदीप बड़वासनी व उसके दो साथियों की हत्या समेत करीब 30 मामलों में नामजद रहा है। उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बुलेट प्रूफ कार और विदेशी हथियार बरामद किए थे।

पिता बोला- 10 साल पहले पत्नी के नाम पर ली थी जमीन

रामकरण पर हत्या, हत्या की कोशिश, अपहरण और लूट के करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी दुकानों पर कार्रवाई के दौरान पुलिस को किसी प्रकार का विरोध नहीं झेलना पड़ा। इस दौरान रामकरण के पिता रामफल बैंयापुर मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई गलत है। यह प्रॉपर्टी उन्होंने अपनी पत्नी के नाम पर 10 साल पहले खरीदी थी। इसमें उनके बेटे रामकरण से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने अपने बेटे रामकरण को बेदखल भी कर रखा है, उसके बावजूद उनकी इस प्रॉपर्टी को गिरा दिया गया। वह इस मामले को लेकर न्यायालय जाएंगे।

रामकरण का आपराधिक रिकॉर्ड

-वर्ष 2002 में थाना शहर सोनीपत में दर्ज लडाई-झगड़े में नामजद रहा।

-वर्ष 2006 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में नामजद रहा।

-वर्ष 2006 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज अवैध हथियार रखने के मामले में नामजद हुआ।

-वर्ष 2006 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज लूट व धमकी देने में नामजद हुआ।

-वर्ष 2007 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज हत्या के मामले में नामजद हुआ।

-वर्ष 2008 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज लूट व गिरोहबंदी में नामजद हुआ।

-वर्ष 2008 में थाना सिविल लाईन सोनीपत में दर्ज पुलिस हिरासत से भगाने के षड्यंत्र की घटना में नामजद रहा।

-वर्ष 2009 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज अवैध हथियार रखने के मामले में नामजद रहा

-वर्ष 2009 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज अवैध हथियार रखने में नामजद हुआ।

-वर्ष 2009 में थाना शहर सोनीपत में दर्ज लड़ाई-झगड़े व जान से मारने की धमकी देने में नामजद रहा।

-वर्ष 2010 में थाना शहर सोनीपत में दर्ज लडाई-झगड़े व जान से मारने की धमकी दी।

-वर्ष 2011 में थाना स्पेशल ब्रांच दिल्ली में दर्ज चोरी की घटना में नामजद हुआ।

-वर्ष 2011 में थाना सिविल लाईन सोनीपत में दर्ज हत्या की कोशिश में नामजद रहा।

-वर्ष 2012 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज हत्या के मामले में नामजद रहा।

-वर्ष 2013 में थाना शहर सोनीपत में दर्ज अपहरण व हत्या के मामले में नामजद रहा।

-वर्ष 2015 में थाना शहर सोनीपत में दर्ज हत्या की कोशिश के मामले में नामजद हुआ।

-वर्ष 2016 में थाना सिविल लाईन सोनीपत में दर्ज लड़ाई-झगड़े व धमकी देने में आरोपी रहा।

-वर्ष 2016 में थाना सदर सोनीपत लड़ाई-झगड़े व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा

-वर्ष 2016 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने में नामजद रहा।

-वर्ष 2017 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज हत्या के मामले में नामजद रहा।

-वर्ष 2017 में थाना शहर गोहाना में दर्ज अपहरण व हत्या में नामजद हुआ।

-वर्ष 2017 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज अपहरण व हत्या में नामजद रहा।

-वर्ष 2018 में थाना खरखौदा में दर्ज अवैध हथियार रखने के मामले में नामजद रहा।

-वर्ष 2018 में मोहाना में प्रिजनर एक्ट में नामजद रहा।

-वर्ष 2021 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज अवैध हथियार रखने में नामजद रहा।

-वर्ष 2021 में थाना सदर सोनीपत में दर्ज अवैध हथियार रखने में नामजद रहा।

-वर्ष 2021 में थाना खरखौदा में दर्ज हत्या के मामले में नामजद हुआ।

-वर्ष 2021 में थाना सिटी सोनीपत में दर्ज हत्या की कोशिश के मामले में नामजद रहा।

-वर्ष 2021 में थाना खरखौदा में दर्ज हत्या की कोशिश के मामले में नामजद रहा।

पुलिस ने कही यह बात

सोनीपत के एसपी हिमांशु गर्ग ने इस कार्रवाई को लेकर बताया कि पुलिस तस्करों, माफियाओं और गैंगस्टर के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई को लगातार जारी रखेगी। किसी भी सूरत में अवैध व आपराधिक कार्य स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जबरन या आपराधिक तरीके से अर्जित की गई संपत्ति को धराशाई किया जाता रहेगा

Tags:    

Similar News