शादी समारोह में चली गोली, बच्चे के पेट से आर-पार हुई
घायल बालक बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। गोली चलाने वाले का अभी पता नहीं चल सका है। बादली थाना पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।;
हरिभूमि न्यूज : बहादुरगढ़
हर्ष फायरिंग के प्रति पुलिस प्रशासन सख्त है। इसके बावजूद बहादुरगढ़ इलाके में इस तरह के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब गांव छुड़ानी में आयोजित शादी समारोह में हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान एक बालक के पेट से गोली आर-पार हो गई। घायल बालक बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। गोली चलाने वाले का अभी पता नहीं चल सका है। बादली थाना पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। घायल बालक के परिजनों के बयान पर इस संबंध में केस दर्ज किया जाएगा।
छुड़ानी में था शादी समारोह
जानकारी के अनुसार, गांव छुड़ानी में सोमवीर के यहां शादी समारोह था। काफी लोग आए हुए थे। रात के वक्त नाच-गाना चल रहा था। बच्चा हो या बड़ा, हर कोई खुशी मना रहा था। इसी दौरान एक युवक हर्ष फायरिंग करने लगा। वहां मौजूद करीब 10 वर्षीय बालक जतिन के पेट के निचले हिस्से में गोली लग गई। गोली आर-पार हो गई। घटना होते ही आसपास सभी सहम गए। आनन-फानन में लोगों ने घायल बालक को संभाला और बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। बच्चे का उपचार शुरू हुआ। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बादली थाने से पुलिस गांव में पहंुची और लोगों से पूछताछ शुरू की। हर्ष फायरिंग करने वाला कौन था, यह अभी पता नहीं चल सका है।
वीरवार की दोपहर तक इस संबंध में किसी के बयान नहीं हो पाए थे। न ही किसी ने गोली चलाने वाले की पुष्टि की थी। उधर, पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। बादली थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि जांच जारी है। अभी घायल पक्ष के बयान लिए जाएंगे। जिनके घर शादी समारोह था, उनसे भी पूछताछ की जाएगी। हर्ष फायरिंग अपराध है और गोली एक बच्चे को लगी है। लिहाजा कोई बयान नहीं देगा तो भी पुलिस कार्रवाई करेगी ही। जल्द ही आरोपित का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।