पराली में मिला था अधजला शव : पति ने ही की थी महिला की हत्या, फिर खुद ही दर्ज कराया लापता हाेने का केस, वजह जान चौक जाएंगे

20 जनवरी को बरसाना हाबडी रोड पर पराली के ढेर में महिला के अधजले शव के मामले में चौकाने वाला मामला सामने आया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने मृतका के पति बरसाना गांव के सलिंद्र को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान प्रियंका निवासी चूहड़माजरा के रूप में हुई है।;

Update: 2022-01-24 15:07 GMT

हरिभूमि न्यूज. कैथल

20 जनवरी को बरसाना हाबडी रोड पर पराली के ढेर में महिला के अधजले शव के मामले में चौकाने वाला मामला सामने आया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने मृतका के पति बरसाना गांव के सलिंद्र को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान प्रियंका निवासी चूहड़माजरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बरसाना में विवाहित प्रियंका अपनी ननद का हालचाल पूछने के लिए गांव जा रही थी। उसके पति सलिंद्र ने उसे घटना के दिन रोक लिया और अपने साथ खेतों में ले गया। वहां पर उसने ईंट से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया तथा अपना गुनाह छिपाने के लिए उसे पराली के ढेर में डालते हुए उसे आग लगा दी। बाद में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त उपरांत उसके परिजनों को सूचित किया।

यूं था मामला

बरसाना के बाबू राम ने बताया था कि जब वह 19 जनवरी को खेतों में गया तो उसने देखा कि पराली में आग लगी हुई है। उसने सोचा कि शायद किसी ने खराब पराली में आग लगाई हो। वह खेत का कार्य कर अपने घर लौट गया। बाद में उसे पता चला कि पराली के ढेर में किसी महिला का शव पड़ा है जिसे कुत्ते नौच रहे थे। उसने सूचना पुलिस को दी तथा पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को अपने कब्जे में ले लिया। वहां खेत में जगह-जगह महिला के जेवरात आदि बिखरे थे जो आरोपी द्वारा मारपीट किए जाने के दौरान बिखरे हांेगे। वहां से मंगलसूत्र व बालियां बरामद होने से स्थिति स्पष्ट हो गई कि यह शव महिला का है।


पराली में शव मिलने पर छानबीन करती पुलिस। फाइल फोटो

चरित्र पर करता था शक

महिला के परिजनों का कहना है कि मृतका प्रियंका का पति उसके चरित्र पर शक करता था। यह भी सामने आया है कि वह मकान भाभी के नाम करवाना चाहता था जिसका प्रियंका को ऐतराज था। 19 जनवरी को प्रियंका अपनी ननद को मिलने जा रही थी तो सलिंद्र ने उसे फोन कर बीच में रोक लिया और कहा कि वह भी उसके साथ चलेगा। सलिंद्र ने उसे रोक लिया था तथा ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी। वह उसके शव को पराली में छिपाकर घर चला गया तथा रात को आकर उसने पराली के ढेर में आग लगा दी। यही नहीं आरोपी ने फोन के माध्यम से उसके मामा को बताया कि प्रियंका कहीं बाहर चली गई है। पुलिस ने फोन काल के माध्यम से सलिंद्र के मामा से भी पूछताछ की थी।

ढांड पुलिस में करवाई थी रिपोर्ट

आरोपी सलिंद्र निवासी आकास नगर कुरुक्षेत्र ने अपना गुनाह छिपाने के लिए 22 जनवरी 2022 को ढांड पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी प्रियंका 15 जनवरी को उसकी ससुराल चूहडमाजरा आई हुई थी। 18 जनवरी को वह अपनी ननद का हालचाल पूछने के लिए करनाल का नाम लेकर गई थी लेकिन सायं तक वापिस नहीं लौटी। उसने उसकी आसपास व रिश्तेदारों में छानबीन की लेकिन कोई पता नहीं चला था।

Tags:    

Similar News