ठगी के नए- नए तरीके : वजन व शुगर कम करने के प्रोडक्ट के चक्कर में अमेरिकी महिला के जाल में फंसा कारोबारी

न तो माल की सप्लाई हुई न ही आरोपी उसकी कॉल उठा रहा है। ठगी होने पर विजय ने पुलिस को मामले की शिकायत दी। जांच के बाद अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साजिशन ठगी का मामला दर्ज किया है।;

Update: 2022-03-01 08:04 GMT

हरिभूमि न्यूज. अंबाला

साइंस कारोबारी विजय कुमार से 19.76 लाख रुपये की ठगी हो गई। उसने विदेशी महिला के झांसे में आकर वजन कम करने व शुगर की बीमारी से जुड़े प्रोडक्ट खरीदने की एवज में एक व्यक्ति को पूरी रकम ट्रांसफर कर दी। अब विजय को न तो माल की सप्लाई हुई न ही आरोपी उसकी कॉल उठा रहा है। ठगी होने पर विजय ने पुलिस को मामले की शिकायत दी। जांच के बाद अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साजिशन ठगी का मामला दर्ज किया है।

अंबाला शहर के रंजीतनगर के पास न्यू विवेक विहार के रहने वाले विजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह साइंस का सामान बनाने का कारोबार करता है। 2 नवंबर 2021 को उसके पास यूएसए से एक महिला का फोन आया। उस महिला ने अपना नाम हेरेरा जॉनसन बताया। उसने बताया कि वह कैलिफोर्निया की रहने वाली है और पेक्यूरिक फर्मास्यूटिकल कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम करती है। विजय भी विदेशी महिला की बातों में आ गया। उसने बताया कि उनकी कंपनी वजन कम करने के साथ शुगर कम करने के प्रोडक्ट बनाने की भी बात कही। उसने यह बताया कि ये प्रोडक्ट बेहद कारगर हैं जिनकी इंडिया में बेहद डिमांड है।

विजय ने बताया कि इसके बाद बातचीत के जरिए जानसन ने उसे अजय का नंबर भी दिया। तब जॉनसन ने विजय से कहा कि कारोबार की एवज में वह दस फीसदी कमीशन लेगी। शर्त होने के बाद विजय ने अजय से संपर्क किया। दिल्ली के एक होटल में दोनों की मुलाकात हुई। उसे सामान की एक सूची दी गई। कहा गया कि एडवांस पेमेंट के बाद ही उसे सामान सप्लाई किया जाएगा। विजय ने बताया कि उसने आरोपियों के बताए अनुसार कई बैंकों में पूरी रकम का भुगतान कर दिया। भुगतान के बाद आरोपी ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में उसके फोन को ब्लैकलस्टि में डाल दिया। तब उसने अपने साथ ठगी होने की भनक लग गई। विजय ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News