Central University of Haryana : कुलपति प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार मोस्ट इंस्प्रेशनल वाइस चांसलर अवार्ड से सम्मानित
प्रो. टंकेश्वर कुमार को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता और नेतृत्व क्षमता के लिए प्रदान किया गया है। कुलपति को यह सम्मान इंडियन सोसायटी ऑफ नेफ्रोलॉजी के अध्यक्ष डॉ. संजीव गुलाटी द्वारा प्रदान किया गया।;
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (Central University of Haryana) महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार को मोस्ट इंस्प्रेशनल वाइस चांसलर अवार्ड 2023 से सम्मानित किया गया है। दिल्ली में आयोजित गोल्डन ऐम कांफ्रेंस में उन्हें यह अवार्ड प्रदान किया गया है। प्रो. टंकेश्वर कुमार को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता और नेतृत्व क्षमता के लिए प्रदान किया गया है। कुलपति को यह सम्मान इंडियन सोसायटी ऑफ नेफ्रोलॉजी के अध्यक्ष डॉ. संजीव गुलाटी द्वारा प्रदान किया गया।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने अवार्ड प्राप्त करने के बाद कहा कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय सभी सहभागियों के साथ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। विश्वविद्यालय में अभी तक के उनके कार्यकाल में शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की भर्ती एवं पद्दोन्नति का कार्य पारदर्शिता के साथ निरंतर जारी है। विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु योजनागत रूप से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास व उज्ज्वल भविष्य हेतु करियर गाइडेंस व प्लेसमेंट जैसी विद्यार्थी केंद्रित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही संसाधनों के मोर्चे पर विश्वविद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित केंद्रीय पुस्तकालय भवन एवं सभागार का निर्माण होने जा रहा है। जिससे अध्ययन-अध्यापन व शोध कार्य को गति मिलेगी।
गोल्डन ऐम कांफ्रेंस में इंडियन सोसायटी ऑफ नेफ्रोलॉजी के अध्यक्ष डॉ. संजीव गुलाटी ने कहा कि प्रो. टंकेश्वर कुमार के नेतृत्व में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। प्रो. टंकेश्वर कुमार एक सच्चे लीडर के रूप में ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान व नेतृत्व क्षमता के लिए प्रो. टंकेश्वर कुमार को इस अवार्ड से सम्मानित किया जा रहा है।