Rewari : दो रेलमार्गों पर पुल निर्माण का रास्ता साफ, सत्तर करोड़ की लागत से बनेगा ओवरब्रिज
ओवरब्रिज निर्माण के लिए लगभग सात सौ दिनों की समयसीमा तय की गई है, जिसके लिए टेंडर की प्रक्रिया एक सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। इस ओवरब्रिज के निर्माण पर लगभग 70 करोड़ रुपए के खर्च का अनुमान है।;
हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी
महेंद्रगढ़ और बेरली रोड पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर है। इन दोनों मार्गों पर पड़ने वाली सादलपुर और रिंगस रेलवे लाइनों के फाटकों पर लगने वाले जाम से जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद बंधी है। इन दोनों रेलवे लाइनों पर फोर लेन ओवरब्रिज निर्माण को रेल विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। ओवरब्रिज निर्माण के लिए लगभग सात सौ दिनों की समयसीमा तय की गई है, जिसके लिए टेंडर की प्रक्रिया एक सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। इस ओवरब्रिज के निर्माण पर लगभग 70 करोड़ रुपए के खर्च का अनुमान है।
दोनों मार्गों पर चंद मीटर की दूरी पर स्थित एलसी-3 व 59ए रेलवे फाटक ऐसे हैं, जो हजारों वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब साबित होते हैं। महेंद्रगढ़ और बेरली रोड इन दोनों रेलवे फाटकों पर पड़ते हैं। दोनों लाइनों पर ट्रेनों का आवागमन कापुी अधिक होने के कारण यह फाटक बार-बार बंद होते रहते हैं। ऐसे में इन दोनों मार्गों के वाहन चालकों को लंबे जाम और काफी देर इंतजार का सामना करना पड़ता है। सुबह के समय नौकरीपेशा लोगों को फाटक बंद होने के बाद भारी परेशानी होती है। कई बार दोनों फाटक एक साथ बंद होने की स्थिति में वाहन चालक काफी देर तक फाटकों में अटके रहते हैं। शहर के बाहरी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए भी यह दोनों रेल फाटक परेशानी का सबब साबित हो रहे हैं। इन दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। अब रेल विभाग की ओर से ओवरब्रिज के निर्माण का मंजूरी दे दी गई है।
राव ने उठाई थी रेल मंत्री के समक्ष मांग
आमजन की समस्याओं को देखते हुए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रेल मंत्री के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाया गया था। राव की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इन दोनों रेल मार्गों पर ओवरब्रिज बनाने की सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। ओवरब्रिज बनाने के लिए सप्ताह भर के अंदर टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इन दोनों रेल मार्ग के ऊपर चार लेन रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण मंजूर किया गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा पीडब्ल्यूडी एचएसआरडीसी इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण करेगी आरओबी के निर्माण का लक्ष्य लगभग दो साल रक्षा गया है।
तेजी हो रहा शहर का विकास
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने कहा कि शहर की सूरत को बदलने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। डबल फाटक अंडरपास को शुरू किया जा चुका है। भाड़ावास फाटक पर ओवरब्रिज व अंडरपास का कार्य तेजी से चल रहा है। रेवाड़ी-बावल रोड का निर्माण कार्य तेजी गति से पूरा किया जा रहा है। रेवाड़ी आउटर बाईपास नारनौल रोड का निर्माण तेज गति से चल रहा है। 300 करोड़ रुपए की लागत से झज्जर रोड आउटर बाईपास का निर्माण एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की ओर से किया जा रहा है। कई अन्य सड़कों का निर्माणकार्य भी तीव्र गति से चल रहा है।