CM Manohar Lal बोले : हरियाणा के किसानों ने खेती के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में देश-दुनिया में कमाया नाम
- किसानों से फसल विविधिकरण अपनाने के साथ-साथ फसल गुणवत्ता सुधारने की अपील
- लक्की ड्रा निकालकर किसानों को वितरित किए इनाम
;
Hisar : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा किसान प्रधान प्रदेश है। यहां के किसानों ने कृषि के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में अपना परचम देश और दुनिया में लहराया है। सीएम मंगलवार को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में आयोजित कृषि मेले के समापन समारोह में किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न प्रकार के कृषि उपकरणों, खाद-बीज की लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि हर साल किसानों को नवाचार और तकनीक बारे ज्ञानवर्धन के लिए कृषि मेला आयोजित किया जाता है। किसानों का उत्साह इस मेले के प्रति बढ़ा है। उन्होंने हरियाणा को किसान प्रधान प्रदेश बताते हुए कहा कि किसानों ने कृषि के क्षेत्र में बहुत तरक़्क़ी कर ली है। किसानों ने नई फसलों के साथ-साथ नकदी फसलों की खेती करनी शुरू कर दी है। सरकार भी किसानों को खेती और तकनीक बारे जानकारी देने के साथ उन्हें प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहन दे रही हैं। किसानों की बदौलत हरियाणा आज तरक्की के मामले में प्रगति के पथ पर अग्रसर है। खेती हमारी जान है तो पहलवान हमारी शान हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों के बेटे-बेटियों ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। अभी हाल ही में हुए एशियन गेम्स में 30 प्रतिशत मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं।
आज आधुनिकता का युग है। खेती में नई तकनीक और मशीनीकरण का अत्यधिक प्रयोग हो रहा है। किसानों को अब हाथ से ज़्यादा काम नहीं करना पड़ता। आधुनिकता ने किसानों के काम को और सुलभ कर दिया है। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों ख़ासकर कृषि विश्वविद्यालय हिसार की प्रशंसा करते हुए कहा कि वैज्ञानिकों ने नए-नए बीजों की किस्मों की खोज की है, जिससे फसलों का उत्पादन बढ़ा है। उन्होंने किसानों से अपने खेत की मिट्टी और पानी की जांच करवाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसानों को अपने खेत में होने वाली फसल और कौन सी खाद उपयोग में लाई जानी सही है, इसकी जानकारी मिलेगी। किसानों से फ़सल विविधिकरण अपनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार भी किसानों को प्रोत्साहन दे रही है। पानी की बचत करने की दिशा में धान के स्थान पर अन्य फसल को बोने पर 7 हज़ार रुपए प्रति एकड़ किसान को दिया जा रहा है।
एसवाईएल नहर को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मुहर लगाई
मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट का आभार प्रकट करते हुए कहा कि एसवाईएल नहर पर हमारे हक़ पर सुप्रीम कोर्ट ने मुहर लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर नहर का निर्माण अवश्य होगा। एसवाईएल नहर पर आम आदमी पार्टी का दोहरा चेहरा सामने आया है। हरियाणा के किसान दोगली राजनीति करने वालों को समझते हैं और उनकी यह दोगली राजनीति यहां नहीं चलेगी। एसवाईएल हरियाणा का हक़ है और इसे सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनज़र लागू करवाया जाएगा।
किसानों व कृषि उत्थान के लिए तीन पुस्तकों का हुआ विमोचन
हरियाणा कृषि विकास मेले के समापन समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय द्वारा संकलित तीन पुस्तकों का विमोचन किया। यह सभी पुस्तक कृषि तथा किसान उत्थान को लेकर लिखी गई है। इन पुस्तकों में कृषि बागवानी, प्राकृतिक खेती, फसल उत्पादन व बिक्री समेत नवीनतम कृषि तकनीक एवं प्रौद्योगिकी की जानकारी जुटाई गई है ताकि किसान घर बैठे हर प्रकार की जानकारी हासिल कर सके।