चढ़ने लगा 'हर घर तिरंगा' अभियान का रंग : स्कूल, कॉलेज, बाजार या घर हर जगह लहराते नजर आ रहे हैं तिरंगा
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत पूरे देश मे हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों से 13 से 15 अगस्त तक अपने अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों, होटल, सरकारी कार्यालयों आदि सभी जगहों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई है।;
हरिभूमि न्यूज. फतेहाबाद
हर घर तिरंगा अभियान के तहत नागरिकों से भले ही 13 से 15 अगस्त के बीच तिरंगे लगाने का आह्वान किया गया हो लेकिन फतेहाबाद में अभियान का रंग अभी से चढ़ना शुरू हो गया है। चाहे बाजार हो या घर, स्कूल और कॉलेज, हर तरफ तिरेंगे नजर आने लगे हैं, जिससे लोगों में देश भक्ति की भावना का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत पूरे देश मे हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों से 13 से 15 अगस्त तक अपने अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों, होटल, सरकारी कार्यालयों आदि सभी जगहों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई है। इसमें सभी धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक संस्थाओं सहित सभी प्रमुख संस्थाओं से जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। इसमें बहुत सी संस्थाओं ने सहयोग करने के अपने हाथ आगे बढ़ाए हैं। अनेक लोगों व संस्थाओं ने अपने अपने प्रतिष्ठानों, घरों पर अभी से तिरंगे लगाने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही जिले में सरकारी स्कूलों व कॉलेजों पर तिरंगे फहराते नजर आने लगे हैं। शहर में दुकानों के साथ-साथ खेल परिसर, स्टेडियम, चौपाल, सामुदायिक केंद्र और स्कूलों पर फहराते ये झंडे लोगों का ध्यान अपने आप ही अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
स्कूलों की हम बात करें तो जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग द्वारा स्कूलों में तिरंगे भिजवा दिए हैं। इसी प्रकार जिला में राशन डिपुओं के माध्यम से झंडे वितरित किये जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा फतेहाबाद वासियों के लिए पर्याप्त संख्या में व्यवस्था की गई है।