Kurukshetra : Rahul Gandhi के दौरे को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने लिया तैयारियों का जायजा
सैलजा ने बताया कि 6 अक्टूबर को राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पंजाब से पिहोवा में दोपहर को आएंगे। पिहोवा में लोगों को संबोधित करेंगे। पिहोवा से ज्योतिसर होते हुए रात्रि को कुरुक्षेत्र मंडी में जाएंगे और रात्रि को ठहराव कुरुक्षेत्र में होगा।;
हरिभूिम न्यूज : कुरुक्षेत्र
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के हरियाणा दौरे को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने धर्मनगरी के ज्योतिसर, पिहोवा के साथ लगते पंजाब बॉर्डर गांव टयूकर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। इसके अलावा कुमारी सैलजा ने अनाज मंडी थानेसर व पिपली व पिहोवा की अनाज मंडी का दौरा भी किया और वहां पर किसानों, मजदूरों व आढ़तियों से बातचीत की।
उनके साथ पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र सिंह, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, कांग्रेस के प्रदेश संगठन सचिव सुभाष पाली भी मौजूद रहे। इससे पहले गत रविवार देर सांय कुमारी शैलजा ने कुरुक्षेत्र के एक निजी पैलेस में कार्यकर्ताओं की बैठक ली और राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई।बैठक में कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, अम्बाला और यमुनानगर जिलों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ ज्योतिसर पहुंचकर श्री @RahulGandhi जी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लिया।#KhetiBachaoYatra pic.twitter.com/4fhSnW6Oxg
— Kumari Selja (@kumari_selja) October 5, 2020
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी का हरियाणा प्रदेश में आगमन पर जोरदार स्वागत किया जाएगा। राहुल गांधी हर गरीब के लिए, हर जरूरतमंद के लिए हमेशा खड़े रहते हैं। भाजपा सरकार द्वारा तीन कृषि विरोधी काले कानून बनाए गए हैं, इन काले कानूनों के द्वारा भाजपा सरकार लोगों की रोजी रोटी को खत्म करना चाहती है। यह सरकार पूंजीपतियों को बढ़ावा दे रही है। इन काले कानूनों के खिलाफ किसान, मजदूर, आढ़तियों को अपना समर्थन देने के लिए राहुल गांधी को हमने हरियाणा प्रदेश का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया है। वह हरियाणा आकर किसान, मजदूर आढ़तियों से मुलाकात करेंगे और उनका दुख दर्द बांटेंगे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमारी शैलजा ने बताया कि 6 अक्टूबर को राहुल गांधी पंजाब से पिहोवा में दोपहर को आएंगे। पिहोवा में लोगों को संबोधित करेंगे। पिहोवा से ज्योतिसर होते हुए रात्रि को कुरुक्षेत्र मंडी में जाएंगे। राहुल गांधी का रात्रि को ठहराव कुरुक्षेत्र में होगा। इसके बाद 7 अक्तूबर को सुबह ट्रैक्टर रैली निकालकर पिपली मंडी में पहुंचेंगे और वहां पर व्यापारी व किसानों से बातचीत करेंगे। इसके बाद यात्रा नीलोखेड़ी होते हुए करनाल मंडी पहुंचेंगी जहां यात्रा का समापन होगा।