अनाज मंडी में प्रवेश को लेकर बढा़ विवाद, मजदूर यूनियन व बाजीगर समाज की महिलाओं के बीच मारपीट, पुलिस तैनात
जब मंडी में बाजीगर समाज की महिलाएं खरीद करने के लिए पहुंची तो मजदूर यूनियन के परिवार की महिला सदस्यों ने उनका जोरदार विरोध किया और उनको मंडी से खदेड़ दिया। बाद में दोनों पक्षों में आपसी मारपीट भी हो गई, जिसमें 3 महिलाएं घायल हो गई।;
हरिभूमि न्यूज. रतिया
अनाज मंडी में बाजीगर समाज की महिलाओं द्वारा धान खरीद करने को लेकर मजदूर यूनियन के साथ चल रहा विवाद आज फिर एक बार भड़क गया। आज जब मंडी में बाजीगर समाज की महिलाएं खरीद करने के लिए पहुंची तो मजदूर यूनियन के परिवार की महिला सदस्यों ने उनका जोरदार विरोध किया और उनको मंडी से खदेड़ दिया। बाद में दोनों पक्षों में आपसी मारपीट भी हो गई, जिसमें 3 महिलाएं घायल हो गई। मौके पर सिटी पुलिस के कर्मचारियों ने पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग करवाया और घायल महिलाओं को रतिया अस्पताल में दाखिल करवाया। इस विवाद के बाद मंडी में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रतिया अनाज मंडी में कुछ समय पूर्व किसानों के धान की चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी थी। अनाज मंडी मजदूर यूनियन के सदस्यों ने उस समय आरोप लगाया था कि मंडी में धान खरीद करने वाली महिलाएं ही रात को धान की चोरी करके ले जाती हैं जिस कारण किसानों के साथ-साथ मजदूरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मजदूर यूनियन के सदस्यों ने महिलाओं के अनाज मंडी में प्रवेश को लेकर कुछ दिन पहले हड़ताल कर दी थी और महिलाओं का मंडी में प्रवेश बंद कर दिया था। इसको लेकर दोनों पक्षों में काफी दिनों तक तनाव चलता रहा। बाद में मार्केट कमेटी कार्यालय में दोनों पक्षों की मीटिंग आयोजित की गई थी जिसमें 22 दिसंबर से महिलाओं के प्रवेश का निर्णय लिया गया था। बताया गया है कि 22 दिसंबर को महिलाओं ने धान खरीद को लेकर अनाज मंडी में प्रवेश कर लिया था लेकिन मजदूर यूनियन के सदस्यों ने उनके प्रवेश पर एतराज जताते हुए कल भी मंडी में प्रवेश न करने की चेतावनी दी थी।
आज जब जैसे ही बाजीगर समाज की महिलाएं मंडी के अंदर आई तो दूसरी तरफ से मजदूर यूनियन के परिवार की महिला सदस्य भी सैकड़ों की संख्या में मंडी में पहुंच गई और उन्होंने बाजीगर समाज की महिलाओं का विरोध जताते हुए उन्हें अनाज मंडी से बाहर खदेड़ दिया और मंडी के गेट के पास दोनों पक्षों में हाथापाई और लड़ाई झगड़ा शुरू हो गया, जिससे माहौलतनावपूर्ण हो गया। इस दौरान सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और उन्होंने दोनों पक्षों की महिलाओं को अलग किया। इस झगड़े के दौरान बाजीगर समाज की तीन महिलाएं मितो, प्यारी व जीतो भी घायल हो गई जिन्हें पुलिस कर्मचारियों ने बड़ी मुश्किल से गाड़ी में डालकर अस्पताल में दाखिल करवाया। विवाद को देखते हुए अनाज मंडी में भारी तनाव हो गया है और सुरक्षा की दृष्टि से मंडी के गेट पर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।