लड़की से छेड़छाड़ करने से रोकने पर विवाद, जींद बस अड्डे के सामने चले चाकू, एक की मौत, दो गंभीर

बताया जाता है कि आशीष व उसके साथी किसी छात्रा को छेड़ रहे थे। जिस पर नवीन ने उन्हें रोका था और उस दौरान भी मारपीट हुई थी। कुछ देर के बाद दूसरा गुट के कुछ अन्य युवक और पहुंच गए और नवीन तथा उसके दोस्त जितेंद्र पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।;

Update: 2020-12-30 11:12 GMT

हरिभूमि न्यूज. जींद

बस अड्डे के सामने दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष और चाकूबाजी में एक युवक की तेजधार हथियार घोंपकर हत्या कर दी। जबकि उसके साथी को भी घायल कर दिया। वहीं, दूसरे गुट का भी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जाता है कि मृतक ने दूसरे गुट को लड़की छेड़ने से रोका था। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बस अड्डा के सामने बुधवार दोपहर बाद दो गुट आपस में भिड़ गए। जिसमें एक दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। जिसमे गांव रूपगढ़ निवासी नवीन (19) की मौत हो गई। जबकि उसका साथी जितेंद्र घायल हो गया। वहीं, दूसरे गुट का गांव नंदगढ़ निवासी आशीष भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक नवीन तथा उसके साथी जितेंद्र को सामान्य अस्पताल लाया गया जबकि दूसरे गुट के आशीष को शहर के निजी अस्पताल में ले जाया गया।

बताया जाता है कि आशीष व उसके साथी किसी छात्रा को छेड़ रहे थे। जिस पर नवीन ने उन्हें रोका था और उस दौरान भी मारपीट हुई थी। कुछ देर के बाद दूसरा गुट के कुछ अन्य युवक और पहुंच गए और नवीन तथा उसके दोस्त जितेंद्र पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि झगड़े में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक दूसरे गुट का भी शामिल है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News