सहकर्मी से रेप करने और पिटाई करवाने के आरोप में डीसी ऑफिस का क्लर्क गिरफ्तार
आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी डीसी आफिस के वाहन विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत है।;
हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सहकर्मी से दुष्कर्म करने व रिपोर्ट दर्ज करवाने पर उसकी बाजार में पिटाई करवाने की वारदात में शामिल आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी डीसी आफिस के वाहन विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत है। अभी दुष्कर्म करने का मामला आइजी स्तर पर विचाराधीन है।
क्षेत्र के एक गांव की युवती ने 18 फरवरी को पुलिस से शिकायत देकर बताया कि वह सक्षम योजना के तहत डीसी आफिस में लिपिक के पद पर कार्यरत थी। उसको लिपिक सुशील मलिक के साथ में लगाया गया था। सुशील ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसकी रिपोर्ट सदर थाना में दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी सुशील की ओर से धमकी दी जा रही थी। वह जरूरी काम से 18 फरवरी को कपड़ा मार्केट में आई थी।
वहां पर एक पार्लर के बाहर दो महिला उसकी वीडियो बना रही थीं। उसने विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उनमें से एक आरोपित सुशील की पत्नी थी। वह दुष्कर्म का मामला वापस लेने को धमका रही थीं। उस वक्त सुशील कुमार भी पास में ही एक कार में मौजूद था। पुलिस ने घायल दुष्कर्म पीडिता का मेडिकल कराया था। फिलहाल दुष्कर्म के मामले को सदर थाना पुलिस ने केंसिल कर दिया है। अब वह दोबारा जांच के लिए आइजी स्तर पर विचाराधीन है। पुलिस ने आरोपित लिपिक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
अन्य आरोपितों को किया जाएगा काबू
दुष्कर्म पीड़िता से मारपीट कराने के आरोपित लिपिक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वारदात में शामिल अन्य आरोपितों को जल्द काबू कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। - सुमित कुमार, प्रभारी सिविल लाइन थाना।