चाचा-भतीजों में विवाद : रिटायर्ड फौजी ने दो भाइयों को मारी गोली...

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।;

Update: 2022-10-17 07:45 GMT

रेवाड़ी । गांव पातूहेड़ा में रविवार की रात चाचा-भतीजों के बीच हुए आपसी विवाद के बाद रिटायर्ड फौजी चाचा ने अपने सगे भतीजों पर पिस्तौल से गोली चला दी। गोली लगने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां से उन्हें गंभीरावस्था में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार,  गांव के अमित और उसके भाई हंसराज का कई दिनों से चाचा घनश्याम के साथ विवाद चल रहा है। विवाद का निपटारा करने के लिए कई बार ग्रामीणों ने प्रयास भी किए लेकिन, यह विवाद खत्म नहीं हुआ। बताया गया है कि रात को एक बार फिर चाचा-भतीजों के बीच झगड़ा हो गया। इसी बीच घनश्याम ने पिस्तौल से दोनों भाइयों के पैरों में गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी घनश्याम वहां से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए। दोनों भाइयों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद थाना कसोला पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News