दर्दनाक हादसा : मकान की छत गिरने से आठ साल के बच्चे की मौत, एक गंभीर
जब यह हादसा हुआ उस समय दोनों बच्चे मकान में सो रहे थे जबकि बच्चों के अभिभावक दिहाड़ी मजदूरी करने गए हुए थे। छत कच्ची कड़ियों वाली थी और मकान भी कच्चा बना हुआ है।;
हरिभूमि न्यूज. कुरुक्षेत्र
धर्मनगरी की शोरगिर बस्ती में एक मकान की छत गिरने से एक 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि एक अन्य बच्चा घायल हो गया है। छत गिरने से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना कृष्णा गेट पुलिस मौके पर पहुंची और मौके का मुआयना किया। हादसा उस समय हुआ जब सांय लगभग 5 बजे तेज बरसात आई। मकान की छत कच्ची कड़ियों वाली थी और मकान भी कच्चा बना हुआ है। जब यह हादसा हुआ उस समय दोनों बच्चे मकान में सो रहे थे जबकि बच्चों के अभिभावक अपनी दिहाड़ी मजदूरी करने गए हुए थे। हादसे का पता लगने के बाद ही वे मौके पर पहुंचे। इनमें से 10 साल का घायल बच्चा अमित कन्हैया का बेटा है जबकि 8 साल का मृतक वंश कन्हैया के भाई सुरेश का बेटा है। दुखदायक बात यह है कि सुरेश की लगभग डेढ साल पहले मृत्यु हो गई थी। मृतक वंश तीन भाईयों में सबसे छोटा था।
मृतक की मां मीरा दिहाड़ी मजदूरी करती है। उसका सबसे बड़ा बेटा 15 साल का है। जानकारी के अनुसार शेख चेहली मकबरा के पास स्थित शोरगीर बस्ती में एक कच्चे मकान की छत गिर गई। छत गिरने से मकान में सो रहे 8 वर्षीय बच्चे वंश की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई। जबकि एक अन्य 10 वर्षीय बच्चा घायल हो गया जिसे गंभीर अवस्था में एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आस पास के रहने वाले लोगों ने बताया कि शुक्रवार देर सांय अचानक जोर से आवाज आई। जब देखा तो कन्हैया लाल के मकान की छत गिरी हुई थी। कन्हैया लाल व उसकी पत्नी दोनों काम पर गए हुए थे। घर में सो रहे दोनों बेटे मलबे के नीचे दब गए।
लोगाें ने एक लड़के वंश को मलबे के नीचे से निकाला। वंश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य लड़के अमित के सिर पर चोंटे आई है। 8 वर्षीय वंश की मौत से कॉलोनी में मातम छा गया। बच्चे की मां का रो-रोककर बुरा हाल है। बतां दे कि शोरगिर बस्ती के कई मकान जर्जर हालत में है। इन घरांे में रह रहे लोगों ने आरोप लगाया कि मकान बनाने के लिए जब वे लोन के लिए अप्लाई करते है तो उनसे हजारों रुपये की मांग की जाती है। थानेसर के विधायक सुभाष सुधा भी मृतक बच्चे के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और साथ ही 2 लाख रुपए सहायता के रूप में देने की घोषणा की।