हरियाणा : जींद-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर किसानों ने लगाया जाम, रखी यह मांग

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने जाम नहीं खोला, शाम तक जाम न खुलने से वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजना पड़ा।;

Update: 2021-06-03 13:04 GMT

हरिभूमि न्यूज. जींद

टोहाना में किसानों की गिरफ्तारी के विरोध में गांव चुहड़पुर के किसानों ने वीरवार सुबह जींद-चंडीगढ नेशनल हाइवे पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। किसानों की मांग है कि टोहाना में किसानों के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों को रद्द किया जाए और गिरफ्तार किए गए किसानों को रिहा किया जाए। जाम लगने की सूचना पाकर अलेवा थाना प्रभारी बीरबल, तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और जाम लगाए किसानों को समझाने की कोशिश की।

किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक किसानों को रिहा नहीं किया जाता तब तक जाम नहीं खोलेंगे। जाम को लम्बा खिंचता देख पुलिस ने वाहनों को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट कर दिया। गांव चुहड़पुर के किसान वीरवार सुबह जींद-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर आ गए और अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। जाम लगाए बैठे किसानों का कहना है कि किसान टोहाना के विधायक देवेंद्र बबली का शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे थे। विधायक ने किसानों के साथ गाली गलौच किया और फिर मुकद्दमा भी दर्ज करवा दिया। मामला यही तक शांत नहीं हुआ, पुलिस ने कुछ किसानों को गिरफ्तार भी कर लिया। उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानून को रद्द करने की मांग को लेकर किसान आंदोलनरत है।

किसानों ने मांग की कि टोहाना में किसानों के खिलाफ दर्ज मुकद्दमें को रद्द किया जाए और गिरफ्तार किए गए किसानों को तुरंत प्रभाव से रिहा किया जाए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने किसानों की रिहाई न होने तक जाम खोलने से मना कर दिया। शाम तक जाम न खुलने के चलते पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट कर दिया। अलेवा थाना प्रभारी बीरबल ने बताया कि किसानों को समझाने की कोशिश की गई थी लेकिन वे टोहाना में गिरफ्तार किसानों की रिहाई की मांग पर अड़े रहे। आखिरकार वाहनों का रास्ता डायवर्ट कर दिया गया। हालातों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Tags:    

Similar News