भाजपा ऑफिस का घेराव करने पहुंचे किसानों ने तोड़े बैरिकेड, पुलिस ने लाठीचार्ज कर 90 को हिरासत में लिया, पहुंचे चढूनी

देर शाम को भारतीय किसान यूनियन नेता गुरनाम सिंह ने वीडियो के माध्यम से किसानों को चंडी मंदिर पहुंचने की अपील की जिसके बाद गुरनाम सिंह खुद वहां पहुंचे।;

Update: 2021-10-02 14:25 GMT

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के ऑफिस का घेराव और प्रदर्शन करने चंडी मंदिर टोल प्लाजा पहुंचे किसानों के बीच शनिवार को तू-तू, मैं-मैं हुई। लगातार आगे बढ़ रहे किसानों ने ट्रैक्टर से बैरिकेट्स तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। किसान पंचकूला में भारतीय जनता पार्टी के ऑफिस का घेराव और प्रदर्शन करने आ रहे थे। पुलिस द्वारा उन्हें रोकने की कोशिश की गई और नहीं मानने पर पुलिस ने लाठियां फटकारी।

पंचकूला सेक्टर-2 स्थित बीजेपी ऑफिस का घेराव करने आ रहे किसानों का आरोप है पुलिस ने उन्हें लाठियों से मारा जबकि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। किसानों ने बताया कि कई किसानों के हाथ और पैर में चोट आई। पुलिस की ओर से 90 किसानों को हिरासत में लेकर अलग अलग थानों और चौकियों में रखा गया है। चंडमंदिर टोल प्लाजा के आगे बैरिकेड तोड़ने पर पुलिस ने सख्ती की है। पंचकूला जिले में धान की खरीद नहीं शुरू होने पर किसान शनिवार को दोपहर 12 बजे चंडीमंदिर मंदिर टोल प्लाजा और नग्गल टोल प्लाजा से होते हुए पंचकूला स्थित बीजेपी ऑफिस का घेराव करने आ रहे थे। जैसे ही किसान चंडीमंदिर टोल प्लाजा के आगे आए तो उन्हें पुलिस ने अपने ट्रैक्टर रोकने के लिए कहा।

इस पर ट्रैक्टर चला रहे किसानों की ओर से बैरिकेड को टक्कर मारकर गिरा दिया गया। टक्कर लगने के बाद किसानों को पुलिस ने रूकने के लिए कहा। इस पर वह नहीं माने। पुलिस की ओर से लाठी चार्ज कर दिया गया। लाठी चार्ज के दौरान कई किसानों के हाथ पैर में चोटें आई हैं। भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक प्रधान गुरजंट सिंह ने बताया कि शहर में 90 से अधिक किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। किसानों को हिरासत में लेकर में सेकटर-5 थाना, चंडीमंदिर थाने में रखा गया है। वहीं पंचकूला पुलिस के डीसीपी मोहित हांडा ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से सख्ती की गई है। उधर देर शाम को भारतीय किसान यूनियन नेता गुरनाम सिंह ने वीडियो के माध्यम से किसानों को चंडी मंदिर पहुंचने की अपील की जिसके बाद वहां गुरनाम सिंह खुद पहुंचे। पूरे मामले में प्रशासन और किसान नेताओं के बीच बातचीत चल रही थी। उधर पंचकूला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसानों ने जबरदस्ती बैरिकेड तोड़े औऱ कुछ पुलिस कर्मचारियो को चोटें भी आई। किसानों पर किसी प्रकार का कोई लाठीचार्ज नहीं किया ना ही किसी प्रकार के आदेश दिए गए। 

Tags:    

Similar News