गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाए जाने के विरोध में सीएम सिटी करनाल का घेराव करेंगे किसान
भारतीय किसान यूनियन(मान) के प्रांतीय अध्यक्ष रतनमान ने कहा कि हरियाणा सरकार गन्ने के मूल्य में वृद्धि नहीं कर रही है। जिससे प्रदेश भर के किसानों में रोष है।;
यमुनानगर /रादौर। भारतीय किसान यूनियन(मान) के प्रांतीय अध्यक्ष रतनमान ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में वृद्धि नहीं करने के विरोध में 19 जनवरी को सीम सिटी करनाल का घेराव किया जाएगा। इस दौरान घेराव में यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैट भाग लेंगे। उन्होंने उक्त जानकारी गांव चमरौड़ी में आयोजित यूनियन की बैठक में ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार करने के दौरान दी। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुज्जर व जयपाल चमरौड़ी ने की।
यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने कहा कि हरियाणा सरकार गन्ने के मूल्य में वृद्धि नहीं कर रही है। जिससे प्रदेश भर के किसानों में रोष है। उन्होंने कहा कि भाकियू द्वारा गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर दो बार प्रदेश भर में आंदोलन किया जा चुका है। मगर अब यूनियन गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर सख्त हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा यदि जल्द गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल नहीं किया गया तो यूनियन अपने आंदोलन को तेज करेगी। रतनमान ने कहा कि 19 जनवरी को यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में सीएम सीटी करनाल का घेराव किया जाएगा। इस दौरान ट्रैक्टर रैली व पदयात्रा करके पूरे करनाल में घेराव किया जाएगा। जिसकी सारी जिम्मेवारी प्रशासन की होगी। इस घेराव के दौरान कैथल, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, जींद समेत अन्य जिलों के हजारों किसान भाग लेंगे।
मौके पर बैठक यूनियन की ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए महेंद्र चमरौडी को मंडल उपाध्यक्ष, दलबीर बटेड़ी को जिला महासचिव, महेंद्र सुढ़ैल को ब्लॉक प्रधान, यशवीर सुढ़ैल को उपप्रधान, कुलदीप सिंह को महासचिव, कमल कुमार को सहसचिव, मदनलाल काजंनु को गांव इकाई प्रधान, विनोद कांबोज को इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं गुरनाम सिंह गलोली व प्रदीप राणा को ब्लॉक सरस्वतीनगर का महासचिव नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुरेंद्र सांगवान व बलदेव सिंह आदि मौजूद रहे।