Fatehabad : विदेश भेजने के नाम पर 2 भाइयों से 60 लाख की ठगी
- पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र सहित 4 के खिलाफ किया केस दर्ज
- पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने आत्महत्या कर फंसाने की दी धमकी
;
Fatehabad : विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे है। ऐसा ही एक ओर मामला फतेहाबाद में सामने आया। यहां दो भाइयों को कनाडा भेजने के नाम पर पिता-पुत्र व उसके दो साथियों ने 60 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने आत्महत्या कर उन्हें फंसाने की धमकी दी, जिस पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पिता-पुत्र सहित चार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव सहनाल निवासी हरजीत सिंह ने बताया कि सुखजीत सिंह निवासी नंगल उसके लड़के हरकोमलप्रीत सिंह के साथ रतिया के स्कूल में दसवीं में पढ़ता था। स्कूल छोड़ने के बाद सुखजीत का उसके घर आना-जाना था। अक्टूबर 2022 में सुखजीत ने उसके लड़के को कहा कि उसका कनाडा का वीजा आ गया है और अगर उसने वीजा लगवाना है तो उसके पिता वीजा लगवा देंगे। इस पर वह सुखजीत के पिता गुरमीत सिंह व मोहाली निवासी मनिन्द्र सिंह व नवनीत सिंह से मिला और इन लोगों ने उसके दोनों बेटों हरकोमलप्रीत सिंह व हरजोबनप्रीत का वीजा लगवाने की बात कही और इस पर 60 लाख का खर्चा बताया। इसके बाद गुरमीत व उसका लड़का सुखजीत उसके घर आकर कागजात ले गए और एक महीने में वीजा आने की बात कही।
एक माह बाद सुखजीत ने पासपोर्ट पर कनाडा के फर्जी वीजा की फोटो भेजी और कहा कि दोनों भाईयों का कनाडा का वीजा आ गया है। हरजीत ने कहा कि इन लोगों पर विश्वास करके उसने कुल 60 लाख रुपये इन लोगों को अदा कर दिए। इसके बाद 21 फरवरी 2023 को सुखजीत ने कनाडा की टिकटें व्हाटसअप की और कहा कि 5 अप्रैल को उसकी दिल्ली से फ्लाइट है। इससे एक दिन पहले सुखजीत ने फ्लाइट कैंसल होने बारे जानकारी दी। इसके बाद 9 मई को आरोपी गुरमीत व उसका लड़का सुखजीत दोनों युवकों को यह कहकर दिल्ली ले गए कि उनकी फ्लाइट है। इसके बाद उन्होंने 3-4 दिन उन्हें दिल्ली के होटल में रखा। जब दोनों भाईयों को कनाडा नहीं भेजा तो वे वापस घर आ गए और आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे तो वे आना कानी करने लगे।
आरोपियों ने दी आत्महत्या करने की धमकी
शिकायतकर्ता के अनुसार गुरमीत व उसका लड़का अब गांव छोड़कर चले गए हैं। जब उसने फोन पर इनसे बात की तो इन लोगों ने उसकी धमकी दी कि अगर बार-बार फोन किया तो हम आत्महत्या कर लेंगे और उस पर व उसके बेटों पर इल्जाम लगा देंगे। इस पर पीडि़त ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। रतिया पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें - Jind : सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो अपलोड करने पर 2 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज