पिता का हत्यारा इनामी बदमाश 22 साल बाद गिरफ्तार, हरियाणा पुलिस को ऐसे मिली सफलता
एसटीएफ सोनीपत पुलिस ने पिता की हत्या करने के आरोपित बेटे व हरियाणा पुलिस के 25 हजार के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।;
हरिभूमि न्यूज : सोनीपत
एसटीएफ सोनीपत पुलिस ने पिता की हत्या करने के आरोपित बेटे व हरियाणा पुलिस के 25 हजार के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपित को एसटीएफ सोनीपत यूनिट ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित महेश निवासी फतेहपुर का है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अदालत ने आरोपित को वर्ष 2001 में फरार अपराधी घोषित किया था।
गांव फतेहपुर निवासी लक्ष्मी देवी ने 3 दिसंबर 2000 को शिकायत देकर बताया था कि उसके लड़के महेश ने उसके पति बलबीर को लोहे की रॉड मारकर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस संबंध में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। वारदात के बाद से आरोपित भूमिगत हो गया। वर्ष 2001 में अदालत ने आरोपित को फरार अपराधी घोषित किया था।
हरियाणा पुलिस ने 25 हजार का रखा था ईनाम, दिल्ली की महिला से की शादी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित पिता की हत्या करने के बाद फरार हो गया था। जिसे अदालत ने फरार अपराधी घोषित किया था। हरियाणा पुलिस ने आरोपित पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। वारदात के बाद आरोपित दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर छीपकर रहने लगा। उसी दौरान उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। महिला के पति की मौत हो चुकी थी। आरोपित ने महिला से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। उसके बाद उसे बहकावे में रखकर उसके साथ रहने लगा था। पुलिस ने गुप्ता सूचना के आधार पर आरोपित को काबू कर लिया।