आगजनी से सतर्क रहें ! दिवाली पर भी सरकार से रूढ़े फायर ब्रिगेड कर्मी, हड़ताल पर गए कई कर्मचारी
अगर आगजनी की घटना होती है तो एक फायर गाड़ी के साथ चार कर्मी आते है। हड़ताल पर चले जाने की वजह से अब एक गाड़ी के साथ एक ही कर्मी घटनास्थल पर पहुंचने की संभावना रहेगी। ऐसे में आमजन को खुद ही बचाव के रास्ते निकालने होंगे।;
नारनौल। दिवाली त्योहार कल सोमवार को है। अक्सर इस त्योहार पर जिला में कहीं ना कहीं आगजनी की अप्रिय घटना होने का अंदेशा रहता है। अगर इस तरह की घटना होती है तो पीड़ित फायर ब्रिगेड के भरोसे पूरी तरह ना रहे। कारण, सरकार से मांग मंगवाने के लिए जिला में 39 फायर कर्मी हड़ताल पर चले गए है। मतलब अगर आगजनी की घटना होती है तो एक फायर गाड़ी के साथ चार कर्मी आते है। हड़ताल पर चले जाने की वजह से अब एक गाड़ी के साथ एक ही कर्मी घटनास्थल पर पहुंचने की संभावना रहेगी। ऐसे में आमजन को खुद ही बचाव के रास्ते निकालने होंगे।
गौर हो कि जिला महेंद्रगढ़ में इस समय एक नगर परिषद एवं चार नगरपालिकाएं स्थित हैं। नियमानुसार इन सभी में दमकल कार्यालय एवं आवश्यक संसाधन होने चाहिए, लेकिन फिलहाल केवल नारनौल नगर परिषद एवं महेंद्रगढ़ नगर पालिका में ही इस विभाग की सेवाएं उपलब्ध हैं। अटेली, नांगल चौधरी एवं कनीना नगर पालिकाओं को आज भी दमकल कार्यालय खुलने का इंतजार है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले की आबादी तब 921680 थी, जो अब करीब 13 लाख होने का अनुमान है। कमाल की बात यह है कि नारनौल शहर के नगर परिषद कार्यालय में चार गाड़ी व एक बाइक फायर ब्रिगेड की ही है। इनमें तीन गाड़ी की क्षमता पांच-पांच हजार व दो गाड़ी दो-दो हजार लीटर पानी लेकर चल सकती है। यहां पर पांच रेगुलर कर्मी है। जिनमें तीन ड्राइवर, एक लीडिंग फायर मैन व एक इंचार्ज है। तीन फायर मैन दो दिन पहले ही दादरी से आए है। यह 24 घंटे ड्यूटी देंगे। वहीं सहायता के तौर पर रोडवेज विभाग ने आठ ड्राइवर भेजे है। इनकी 12-12 घंटे ड्यूटी रहेगी। इसके अलावा नारनौल फायर ब्रिगेड में ही 19 कर्मी पे-रोल पर रखे गए है। इनमें से अधिकांश का कार्य आगजनी में गाड़ी के साथ जाना और आग पर यंत्र के माध्यम से काबू करना होता है। यह पे-रोल के 19 कर्मी हड़ताल पर चले गए है।
महेंद्रगढ़ से 20 कर्मी गए हड़ताल पर, बाकी जगह फायर ब्रिगेड गाड़ी ही नहीं
महेंद्रगढ़ शहर में दो फायर ब्रिगेड गाड़ी है। यहां पर दो रेगुलर व रोडवेज विभाग के चार ड्राइवर तैनात किए गए है। वहीं 20 पे-रोल पर लगे कर्मी है। यह सभी 20 कर्मी भी हड़ताल पर चले गए है। यहीं नहीं, नांगल चौधरी, कनीना व अटेली क्षेत्र में एक भी गाड़ी नहीं है। अगर इस त्योहार पर आगजनी की घटना हो जाती है तो बड़ा नुकसान होने की संभावना रहेगी।
क्या कहते है इंचार्ज
नारनौल फायर ब्रिगेड इंचार्ज सुरेश मान ने बताया कि नारनौल व महेंद्रगढ़ में पे-रोल पर कार्यरत 39 कर्मी 19 अक्टूबर से हड़ताल पर है। नारनौल व महेंद्रगढ़ में तैनात की गई छह गाड़ी व दो बाइक से ही पूरे जिला में आगजनी की घटना को कवर किया जाएगा। फायर ब्रिगेड गाड़ी के साथ कम की कर्मी होंगे, ऐसे में आमजन पूरा सहयोग करें।