Mosam Ki Jankari : 22 के बाद कोहरा छंटेगा, तापमान भी बढ़ेगा
मौसम विभाग ने प्रदेशभर में अगले दो दिनों से एक हफ्ते के अंतराल पर तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। किसानों को गेहूं ,चने व सरसों की फसलों व सब्जियों में कीटों व रोगों की निगरानी बारे आगाह किया है।;
हिसार। प्रदेशभर में रविवार तक मौसम खुश्क रहने, दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने मगर रात्रि तापमन में हल्की गिरावट होने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आंशिक बादलवाई, बीच-बीच में हवाएं चलने तथा दिन के तापमान में हल्की कमी रहने की संभावना है।
हिसार में दिन-रात के तापमान में करीब 15 डिग्री सेल्सियस का उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 22 फरवरी के बाद रात्रि तथा सुबह के समय छाई रहने वाली धुंध छंटने के आसार है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने मौसम खुश्क रहने व दिन के तापमान बढ़ने की संभावना को देखते हुए फसलों, सब्जियों व फलदार पौधों में आवश्यकतानुसार हल्की सिंचाई की सलाह दी है। इसके अलावा किसानों को अनुकूल मौसम बने रहने की संभावना को को ध्यान में रखते हुए गेहूं ,चने व सरसों की फसलों व सब्जियों में कीटों व रोगों की निगरानी बारे आगाह किया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेशभर में अगले दो दिनों से एक हफ्ते के अंतराल पर तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। हिसार में इस समय अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस है। मौसम वैज्ञानिकों ने एक मार्च तक इसमें करीब पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है।