BJP के ट्रेनिंग कैंप में पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह ने JJP से गठबंधन पर खड़े किए सवाल, दुष्यंत के लिए कही ये बात
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि जजपा से गठबंधन करने के बाद हरियाणा मेें विकास की वह गति नहीं बन सकी, जोकि पूर्व के कार्यकाल में खट्टर सरकार की रही है।;
हरिभूमि न्यूज : फरीदाबाद
सूरजकुण्ड पर्यटन स्थल पर आयोजित भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के बीच नई ऊर्जा संचार कर गया। तीन दिवसीय शिविर में शिरकत करने वाले पार्टी कार्यकर्ता केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने व जनता की समस्याओं का निराकरण करने का संदेश लेकर रूखसत हुए। तीन दिवसीय शिविर में कुल 17 सत्रों का आयोजन किया गया। जिनमें संगठन व सरकार से जुड़े लोगों ने पार्टी कार्यकर्ताओं को विभिन्न मुद्दों पर जानकारी दी। रविवार को सत्र में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत सामरिक शक्ति में दुनिया में किसी भी देश का सामना करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि भारत लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक व सामरिक शक्ति में सशक्त बनता जा रहा है।
जजपा के साथ गठबंधन से विकास की गति धीमी पड़ी : बीरेंद्र सिंह
शिविर में पूर्व केन्द्रीय मंत्री व स्वतंत्र विचार व्यक्त करने के लिए मशहूर बीरेंद्र सिंह ने प्रदेश की खट्टर सरकार में जेजेपी की भागीदारी पर प्रश्न चिन्ह लगा दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अल्पमत में आई खट्टर सरकार वैसे निर्दलीय विधायकों के समर्थन से भी चल सकती थी किन्तु केन्द्रीय नेतृत्व ने एक स्थाई सरकार का निर्माण करने के उद्देश्य से जेजेपी को सरकार में भागीदार बनाया। पहले तो कोरोना ने विकास की गति को अवरूद्ध किया और उसके बाद जेजेपी ने विकास की गति को धीमी किया। जिसका मुख्य कारण था कि जेजेपी के दुष्यंंत चौटाला को उपमुख्यमंत्री पद के साथ-साथ 33 प्रतिशत के करीब अच्छे मंत्रालय दे दिए गए और उन मंत्रालयों में ठीक से काम नहीं हो सका। जिसके चलते विकास की गति वह नहीं बन सकी, जोकि पूर्व के कार्यकाल में खट्टर सरकार की रही।
ओमप्रकाश चौटाला के जेल जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि करप्शन एक्ट में चौटाला के खिलाफ केस पेंडिंग था और निर्णय लेट से आया, किंतु जिस उम्र में वह जेल काट रहे हैं वह उम्र जेल काटने की नहीं है क्योंकि ओपी चौटाला का स्वास्थ्य भी कुछ ठीक-ठाक नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऊपर की कोर्ट से कोई न कोई राहत चौटाला को मिल सकती है। कुलदीप बिश्नोई की भाजपा में एन्ट्री के संदर्भ में उनका कहना था कि कुलदीप की एन्ट्री भाजपा में न हो इसकी कोई वजह नहीं है बल्कि क्रॉस वोटिंग करने का फायदा उन्हें अवश्य मिलेगा और क्रॉस वोटिंग करने से पहले उन्होंने यह तो अवश्य ही सोच लिया था कि अब कांग्रेस में नहीं रहना है। कांग्रेस छोडऩे के बाद उनके पास बीजेपी ही एक विकल्प रह जाता है तथा जहां तक बात हिसार की है तो उनके बेटे बिजेन्द्र सिंह वर्तमान में वहां से सांसद हैं और उससे पहले दुष्यंत भी वहां से सांसद रह चुके हैं।
शिविर ने कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार किया: कैप्टन अभिमन्यु
प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने प्रशक्षिण शिविर को कार्यकर्ताओं के लिए अति महत्वपूर्ण करार देते हुए कहा कि इस शिविर के आयोजन से कार्यकर्ताओं के बीच एक नए जोश का संचार हुआ है और कार्यकर्ता पहले से भी ज्यादा मजबूत होकर जन-जन तक केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें दिन के 24 घंटे और साल के 365 दिन लगातार गतिविधियां चलती रहती है। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड में आयोजित दिन दिवसीय प्रशक्षिण शिविर में शिरकत करने आए पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों व मंत्रियों ने केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों की नीतियों के संदर्भ में जानकारी दी। उनका कहना था कि पार्टी कार्यकर्ता किसी भी सरकार व जनता के बीच में सेतू का काम करते हैं और जहां तक बात भाजपा के कार्यकर्ता की है तो भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती के लिए हमेशा दिन-रात एक किए रहता है।
एनडीए द्वारा पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जयदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि आज देश का किसान इस बात को लेकर अवश्य गर्व महसूस कर रहा होगा कि भारतीय जनता पार्टी ने किसान के बेटे को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। धनखड़ बहुआयामी प्रतिभा के धनी हैं तथा सुप्रीम कोर्ट में एक विशष्ठि पद सुशोभित करने के साथ-साथ विधायक व मंत्री पद पर रहकर जन भावनाओं पर खरा उतरें है। इसके अलावा राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार द्रोपर्दी मुर्म को बनाकर भाजपा ने आदिवासियों व दलितों का सम्मान किया है।