खालिस्तान संगठनों से जुड़े चारों आतंकवादी आठ दिन के रिमांड पर, मोहाली में करनी थी एक और हत्या, और भी खुलासे
सोशल साइट के जरिए आरोपित आंतकी संगठनों से संपर्क में रहते थे। आंतकी संगठन के सदस्य चारों युवकों की गरीबी का फायदा उठा रहे थे। चारों के तीन खातों की पहचान हुई है जिसमें विदेशों से फडिंग होने की बात कही जा रही है।;
हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
सीआईए-1 सोनीपत ने पंजाब पुलिस व एंजेसी से मिली गुप्त सूचना के आधार पर मोहाना थाना क्षेत्र के गांव जुआं से तीन युवकों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया था। साथ ही पुलिस ने मल्हामाजरा हालत में राजपुर निवासी युवक को भी गिरफ्तार किया था। आरोपितों को पुलिस ने मेडिकल जांच करवाने के बाद अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपितों को आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपितों के खातों व हथियार मुहैया करवाने वाले व अन्य के बारे में पूछताछ कर रही हैं। पंजाब पुलिस आरोपितों को हत्या के मामले में प्रोडेक्शन वारंट पर लेकर जायेगी। वहीं एनआईए की टीम भी आरोपितों से पूछताछ करने के लिए सीआईए-1 से संपर्क कर रही हैं।
पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने बताया था कि उन्हें गुप्त एंजेसी से सूचना मिली थी कि गांव जुआं निवासी सागर उर्फ बिन्नी, सुनील उर्फ पहलवान, जतिन उर्फ राजेश के पास अवैध हथियार हैं। जो पंजाब में चुनाव का माहौल बिगाड़ सकते हैं। उनके तार आंतकवादी संगठनों से जुड़े हुए हैं। सीआईए-1 टीम ने छापेमारी करते हुए तीनों को जुआं से काबू कर लिया। उनके बताए अनुसार पुलिस ने छापेमारी करते सागर के घर पर छापेमारी की। घर पर सुनील उर्फ पहलवान नाम का युवक मिला। तलाशी के दौरान उसके पास यूएसए मार्का का अवैध हथियार व मैगजीन में दो जिंदा राउंड मिले। उसी दौरान घर की छत से सीढ़ियों से युवक आता दिखाई दिया। जिसे काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसके पास अवैध हथियार व जिंदा कारतूस बरामद हुए।
युवक ने अपना नाम जतिन उर्फ राजेश बताया। टीम मकान के ऊपर वाले कमरे में पहुंची। जहां सागर उर्फ बिन्नी मिला। टीम ने आरोपित के पासे से एक-47 बरामद की। उसे चैक करने पर भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। वहीं पुलिस ने चौथे साथी सुरेन्द्र उर्फ सोनू निवासी मल्हामाजरा हाल राजपुर को अवैध हथियार सहित शाम को गिरफ्तार किया था। आरोपितों को काबू कर उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया। आरोपितों ने 8 दिसंबर को पंजाब के रोपड़ में उधमपुर गांव अवतार सिंह डीलर की हत्या करने की वारदात को कबूल किया था। आरोपित सोशल साइट के जरिए आंतकवादी संगठनों के संपर्क में रहते थे। पुलिस ने आरोपितों का मेडिकल करवाकर रविवार को अदालत में पेश कर रिमांड की अपील की। अदालत ने आरोपितों को आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा हैं। रिमांड अवधि के दौरान आरोपितों से पूछताछ की जा रही हैं।
एक को बहन की शादी तो दूसरे को मकान का निर्माण का दिया था झांसा
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार सोशल साइट के जरिए आरोपित आंतकी संगठनों से संपर्क में रहते थे। आंतकी संगठन के सदस्य चारों युवकों की गरीबी का फायदा उठा रहे थे। आरोपित जतिन उर्फ राजेश से टूटे मकान को नया बनवाने का प्रबलोभन दिया गया तो आरोपित सुनील उर्फ पहलवान से उसकी बहनों की शादी का खर्च देने का झांसा देने की बात सामने आई है। आंतकी संगठनों से ज्यादातर सागर उर्फ बिन्नी सोशल साइट के जरिए बातचीत करता था।
चारों आरोपितों के तीन के खातों में होती थी फडिंग, सागर से होता था संपर्क
गिरफ्तार आरोपित सागर उर्फ बिन्नी आंतकी संगठन गुरजंट सिंह, अर्शदीप सिंह, लखवीर सिंह रोड़े व हरदीप सिंह के संपर्क में रहता था। जानकारी मिली कि चारों के तीन खातों की पहचान हुई है। जिसमें विदेशों से फडिंग होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने तीनों के खातों की जानकारी हासिल कर जांच शुरू कर दी हैं। ताकि विदेशों से आए खातों में नकदी की जानकारी मिली सके।
पंजाब के मोहाली में करनी थी दूसरी हत्या, आकाओं से मिला था आदेश
गिरफ्तार चार आरोपितों के पास से पुलिस ने तलाशी के दौरान विदेशी स्वचालित एके-47, चार विदेशी पिस्तौल, एक देशी पिस्तौल सहित 62 राउंड कारतूस बरामद किए थे। आरोपितों ने अवतार सिंह नाम के डीलर की हत्या दिसंबर माह में की थी। आरोपितों को अपने आकाओं से पंजाब के मोहाली में व्यक्ति की हत्या करने का आदेश मिला था। समय रहते मिली सूचना पर सीआईए-1 की टीम ने आरोपितों को काबू कर लिया।