अब हरियाणा के इस शहर में चला बुलडोजर, अवैध कॉलोनी में धड़ाधड़ गिराए निर्माण
यहां करीब अढाई एकड़ में अवैध कालोनी काटी गई थी। अवैध कालोनी में सीवर व प्लांटेशन करने के बाद इंटरलोकिंग सड़क का निर्माण किया जा चुका था। जेसीबी मशीनों ने कालोनी की चारदीवारी को ढाहना शुरू किया और इसके बाद इंटरलोकिंग सड़क को उखाड़ा।;
घरौंडा ( करनाल )
करनाल के घरौंडा शहर में अवैध कालोनियों पर जिला नगर योजनाकार विभाग का पीला पंजा चला। जीटी रोड पर राधा स्वामी सत्संग भवन से सटी कालोनी को ध्वस्त किया गया। इसके बाद प्रशासनिक अमला कोहंड में शनि मंदिर के पास पहुंचा, जहां अवैध रूप से बनाए गए गोदाम को तोड़ दिया गया। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए ड्यूटी मैजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रशासनिक अधिकारियों की माने तो अवैध कालोनियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध कालोनियों और उनके कालोनाइजरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वीरवार को दोपहर बाद ड्यूटी मैजिस्ट्रेट रवप्रिकाश शर्मा की अगुवाई में डीटीपी आरएस का तोडफ़ोड़ दस्ता राधा स्वामी सत्संग भवन के पास पहुंचा। जहां पर करीब अढाई एकड़ में अवैध कालोनी काटी गई थी। अवैध कालोनी में सीवर व प्लांटेशन करने के बाद इंटरलोकिंग सड़क का निर्माण किया जा चुका था। इसके साथ ही प्लाट में निर्माण करने के लिए ईंटों के चट्टे भी कालोनी में पहुंच चुके थे। इतना ही नहीं कालोनाइजरों ने दो कमरों का एक ऑफिस भी यहां पर बनाया हुआ था। अधिकारियों की माने तो अवैध कालोनाइजरों ने करीब साठ मीटर की ग्रीन बेल्ट को भी कब्जे में लिया हुआ था। जेसीबी मशीनों ने कालोनी की चारदीवारी को ढाहना शुरू कर दिया। इसके बाद जेसीबी ने इंटरलोकिंग सड़क को उखाड़ा और फिर कालोनाइजर के ऑफिस को ध्वस्त कर दिया।
कोहंड में अवैध गोदाम को किया ध्वस्त
अवैध कालोनी पर कार्रवाई करने के बाद प्रशासनिक अमला कोहंड पहुंचा। जहां पर शनि मंदिर के नजदीक एक गोदाम बनाया गया था। अधिकारियों की माने तो गोदाम अवैध है। जिसको देखते हुए गोदाम को ध्वस्त कर दिया गया। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
अवैध कालोनियों को पनपने नहीं देंगे
हाइवे पर राधा स्वामी सत्संग भवन के पास करीब अढाई एकड़ में अवैध कालोनी काटी गई है। जिसमें सीवर भी डाला हुआ है और सड़क भी बनाई हुई है। अवैध कालोनी पर कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही कोहंड में भी एक अवैध गोदाम को ध्वस्त किया गया है। अवैध कालोनियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। कालोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -आरएस, डीटीपी करनाल।