युवती ने शादी से किया इनकार तो सिरफिरे आशिक ने कनपटी पर गोली मारकर की आत्महत्या
आशिक अपनी कथित प्रेमिका का जन्मदिन मनाने के लिए दोस्तों के साथ उसके घर पहुंचा था। मृतक की पहचान उत्तराखंड के चक्रपाणी के रुप में हुई है।;
हरिभूमि न्यूज : कुरुक्षेत्र
पिपली में सिरफिरे आशिक ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आशिक अपनी कथित प्रेमिका का जन्मदिन मनाने के लिए दोस्तों के साथ उसके घर पहुंचा था। प्रेमिका के घर वालों को रिवाल्वर से धमकाया। युवती के शादी से मना करने पर उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में रिशात ने बताया कि उसकी चक्रपाणी केयर ऑफ ब्रहमनान्द पुरोहीत निवासी उत्तराखंड के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती हो गई थी। सोमवार को उसके फोन पर चक्रपाणी का फोन आया और कहा कि मैं पीपली मैं खड़ा हूं। मेरे को लेने के लिए आ जाओ। वह चक्रपाणी को लेने अपनी स्कूटी पर पीपली आ गया था। चक्रपाणी ने बताया कि आज उसकी गर्लफ्रैंड का जन्मदिन है। चक्रपाणी ने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए केक लिया। उसके बाद वे उसकी गर्लफ्रेंड के गांव गए। चक्रपाणी उसे घर के बाहर खड़ा करके अंदर चला गया। थोड़ी देर बाद प्रेमिका के घर से बाहर आते ही चक्रपाणी ने गली में खड़े होकर अपने हाथ में लिए अवैध पिस्तौल से अपने माथे पर गोली चला दी। जिसके बाद रिशात किसी अन्य की मदद से चक्रपाणी को एक निजी अस्पताल ले गया, जहां डाक्टरों ने चक्रपाणी को मृत घोषित कर दिया।