राशन डिपो लेने की बाट जोह रही महिलाओं के लिए खुशखबरी

अब महिलाओं को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग बंद पड़े राशन डिपो देगा। इसके लिए विभाग ने सूची तैयार कर ली है। जिसमें कुल 104 राशन डिपो महिलाओं को दिए जाएंगे। जिसमें से 15 डिपो शहरी क्षेत्र के हैं तो वहीं 89 डिपो ग्रामीण क्षेत्रों के हैं।;

Update: 2023-06-27 04:46 GMT

कुलदीप संधू. जींद।  उन महिलाओं के लिए खुशखबरी है जो राशन डिपो को खोलना चाह रही थी। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश भर के राशन डिपो में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत राशन डिपो में हिस्सेदारी की घोषणा के बाद विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि जिले में फिलहाल 542 राशन डिपो हैं। इनमें से महिलाएं 32 राशन डिपो चल रही हैं, जबकि पुरूष 510 राशन डिपो चला रहे हैं।

जिले में महिलाओं की 33 प्रतिशत हिस्सेदारी बैकलॉग के माध्यम से पूरी करने के लिए 178 राशन डिपो इनके हिस्से में आते हैं। जिसके चलते विभाग ने फैसला लिया है कि अब भविष्य में जिस भी डिपो पर अनियमितता मिलने के कारण बंद करना पड़ेगा, उन राशन डिपो को विभाग महिलाओं की हिस्सेदारी पूरी करने के लिए आबंटन करेगा। फिलहाल विभाग ने आवेदन करने व अन्य शर्तों  के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इसके लिए इसी सप्ताह में पोर्टल को चलाकर उस पर सभी जानकारी अपलोड की जाएगी ताकि महिलाएं राशन डिपो के लिए आवेदन कर सकें।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग बंद पड़े राशन डिपो देगा महिलाओं को

अब महिलाओं को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग बंद पड़े राशन डिपो देगा। इसके लिए विभाग ने सूची तैयार कर ली है। जिसमें कुल 104 राशन डिपो महिलाओं को दिए जाएंगे। जिसमें से 15 डिपो शहरी क्षेत्र के हैं तो वहीं 89 डिपो ग्रामीण क्षेत्रों के हैं। अब जल्द ही इनके लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ऑनलाइन आवेदन मांगेगा। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश भर के राशन डिपो में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत राशन डिपो में हिस्सेदारी की घोषणा की थी। जिसके बाद से ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को आदेश दिए थे कि महिलाओं के लिए बंद पड़े राशन डिपो को जारी किया जाए। इसमें उन्होंने विभाग को निर्देश दिए थे कि महिलाओं की राशन डिपो में हिस्सेदारी बैकलॉग से पूरी की जाए। जिसके चलते जिले में फिलहाल 104 राशन डिपो बंद थे। अब इन सभी डिपो को महिलाओं को दिया जाएगा ताकि महिलाओं का राशन डिपो में 33 प्रतिशत कोटा पूरा किया जा सके।

शीघ्र जारी की जाएगी पोर्टल पर जानकारी अपलोड : निशांत राठी

जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी निशांत राठी ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत राशन डिपो में हिस्सेदारी देने की घोषणा की थी। जिसके लिए उनको मुख्यालय से भी निर्देश मिले हैं। इसके तहत अब जिले में बंद पड़े इन 104 डिपो को आवंटित किया जाएगा ताकि महिलाओं को उनका हिस्सा मिल सके। जिले में राशन के 104 डिपो किन्हीं कारणोें से बंद थे। इन डिपो को अब महिलाओं से चलवाया जाएगा।

Tags:    

Similar News