Gurugram : जमीनी विवाद से परेशान किसान ने लगाया फंदा, सुसाइड नोट भी मिला
परिजनों से चल रहे जमीनी विवाद से परेशान होकर एक किसान ने पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। किसान ने सुसाईड नोट भी लिखा, जिसमें पत्नी, बेटे, पुत्रवधू को परेशान करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।;
Gurugram : भोंडसी थाना एरिया में परिजनों से चल रहे जमीनी विवाद से परेशान होकर एक किसान ने पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी (suicide) कर ली। किसान ने सुसाईड नोट भी लिखा, जिसमें पत्नी, बेटे, पुत्रवधू को परेशान करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
गांव भोंडसी निवासी दीपक ने कहा कि उसके पिता रामकुमार और चाचा के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जिसको लेकर शुक्रवार की सुबह 10 बजे उसके पिता रामकुमार का मां और अन्य के साथ झगड़ा हुआ था। वह झगड़ा समाप्त करने के लिए अपने पिता रामकुमार को बाइक पर बैठाकर ढाणी वाले मकान पर छोड़ आया, जिसके बाद वह वापस 12 बजे के करीब घर आ गए। उसके पिता शुक्रवार की रात्रि 11 बजे तक ठीक ठाक थे। उसके बाद उसके पिता ने ढाणी पर मकान के पास एक पेड़ पर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव के ही नरेश ने रामकुमार को पेड़ पर लटके देखा तो परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने रामकुमार को फांसी के फंदे से नीचे उतार लिया।
पिता की जेब के पास लटकी प्लास्टिक की पॉलीथिन में एक कागज मिला, जिसमें आत्महत्या करने से पहले रामकुमार द्वारा अपनी मौत के जिम्मेदार आरोपियों के नाम लिखे हुए थे। दीपक ने पुलिस को बताया कि झगड़े के दौरान दी गई गालियां व जमीन विवाद से तंग होकर ही उसके पिता ने आत्महत्या की है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने किसान द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस सुसाइड नोट पर लिखी गई लिखाई की जांच कराएगी। जिसे रामकुमार के जीवितकाल में की गई लिखाई से मेल कराने के लिए लैब में भेजा जाएगा। जांच अधिकारी ने बताया कि सुसाइड नोट में अंकित सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। जांच के दौरान दोषी पाए जाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें - Ambala : तांत्रिक क्रिया के लिए बच्चे का अपहरण, बिहार से पकड़ा आरोपी