Hansi : 8 वर्षीय बेटी के साथ मां ने सिवानी माइनर में लगाई छलांग
- आसपास के लोगों ने बेटी को बचाया, मां डूबी
- महिला द्वारा नहर में छलांग लगाए जाने के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
;
Hansi : सिवानी माइनर में शुक्रवार दोपहर एक 28 वर्षीय महिला ने अपनी आठ वर्षीय बेटी के साथ नहर में छलांग लगा दी। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने बच्ची के साथ महिला को नहर में छलांग लगाते देखा तो उन्होंने नहर में कूद कर दोनों को बचाने का प्रयास किया। नहर में कूदे किसान बच्ची को बचाने में कामयाब हो गए परन्तु नहर (Canal) में पानी के तेज बहाव में महिला बह गई। महिला की पहचान ढाणी पुरिया निवासी 28 वर्षीय अंजू के रूप में हुई। सूचना मिलने पर शहर व सदर पुलिस के गोताखोर व दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश में नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया परन्तु महिला का कहीं कोई सुराग नहीं लगा।
शहर थाना प्रभारी उदयभान गोदारा ने बताया कि ढाणी पुरिया निवासी अंजू की करीब 9 साल पहले कलानौर निवासी संजीव कुमार के साथ शादी हुई थी, लेकिन पति पत्नी के बीच हुई अनबन के चलते वह पिछले 7 साल से अपने मायके ढाणी पुरिया में अपने मां बाप के साथ रही थी। अंजू शुक्रवार दोपहर गीता पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ रही अपनी बेटी वंशिका को लेकर आई और उसके बाद उसने देपल रोड़ स्थित भगाना पुल से अपनी बेटी के साथ सिवानी माइनर में छलांग लगा दी। आस पास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने महिला को नहर में छलांग लगाते देखा तो वो दौड़ कर नहर पर पहुंचे और नहर में छलांग लगा कर महिला व उसकी बेटी को बचाने का प्रयास किया। उन लोगों ने आठ वर्षीय वंशिका को तो नहर में डुबने से बचा लिया परन्तु अंजू को नहीं बचा पाए।
इस संदर्भ में अंजू के परिजन सतबीर सिंह ने बताया कि उसकी बेटी हांसी शहर में कोचिंग लेती थी और अंजू की बेटी गीता पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी। सुबह दोनों मां बेटी घर से ठीक ठाक आई थी, लेकिन दोपहर में अंजू ने नहर में छलांग लगा कर आत्महत्या क्यों की, इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। दमकल कर्मी व गोताखोर ग्रामीणों के साथ नहर में डूबी अंजू की खोज में जुटे हुए है।