मिल्खा सिंह के निधन पर हरियाणा में भी शोक, सीएम समेत अन्य नेताओं ने जताया दुख

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारत ने एक सितारा खो दिया है। वे हर भारतीय को देश के लिए चमकने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे। 'फ्लाइंग सिख' हमेशा भारतवासियों के दिलों में जीवित रहेंगे।;

Update: 2021-06-19 06:52 GMT

महान एथलीट मिल्खा सिंह कोरोना से जंग हार गए। उनका शुक्रवार देर रात करीब 11.30 बजे चंडीगढ़ पीजीआई में निधन हो गया। वे 91 साल के थे। पांच दिन पहले उनकी पत्नी निर्मल कौर का पोस्ट कोविड कॉम्पलिकेशंस के कारण निधन हो गया। मिल्खा सिंह का चंडीगढ़ के पीजीआई में इलाज चल रहा था। मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी 20 मई को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। 24 मई को दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 30 मई को परिवार के लोगों के आग्रह पर उनकी वहां से छुट्टी करवा ली गई थी। कुछ दिनों पहले ही वे घर लौटे थे। तब से उनका घर पर ही इलाज चल रहा था। 3 जून को हालत फिर से खराब होने पर उन्हें पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

उनके निधन पर हरियाणा में भी शोक की लहर है। सीएम मनोहर लाल, गृह मंत्री अनिल विज, नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड‍्डा सहित अन्य नेताओं और खिलाड़ियों ने भी उनके निधन पर दुख जताया  और श्रद्धांजलि दी। सीएम मनोहर लाल ने  टवीट किया कि  भारत ने एक सितारा खो दिया है। वे हर भारतीय को देश के लिए चमकने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे। 'फ्लाइंग सिख' हमेशा भारतवासियों के दिलों में जीवित रहेंगे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक सहानुभूति व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिजनों को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।



Tags:    

Similar News