Haryana : पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 5 जुलाई को अच्छी बरसात की संभावना
- हरियाणा एनसीआर दिल्ली में 5 से 10 जुलाई के बीच बरसात के आसार
- राजस्थान, हरियाणा व पंजाब के कुछ हिस्सों में अगले 2 दिन में बारिश की उम्मीद
;
Haryana : हरियाणा एनसीआर दिल्ली में पिछले एक सप्ताह से मानसून गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है, लेकिन अभी भी सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी (Bhiwani) आदि जिलों में मानसून मेहरबान नहीं हुआ है। आने वाले दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही है। अगले दो दिनों के दौरान राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्से में बरसात होने के आसार है।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में 25 जून से मानसून की एंट्री हो चुकी है परन्तु अभी भी हरियाणा के पश्चिमी हिस्से सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी में मानसून रूठा हुआ है। वहीं एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से और मानसून टर्फ रेखा जो राजस्थान के दक्षिणी हिस्सों से होकर गुज़र रही है जिसके मिलने पर सिरसा, फतेहाबाद और हिसार के कुछ हिस्सों पर तेज़ गति से हवाएं चलने व हल्की बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को हरियाणा के उत्तरी हिस्से पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़ में बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया गया था। वर्तमान परिदृश्य में एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के निचले व मध्य स्तरों पर स्थित है। इस चक्रवाती परिसंचरण से मध्य क्षोभमंडल स्तर पर पूर्वोत्तर अरब सागर तक एक टर्फ रेखा चलती है। इन सभी मौसमी प्रणालियों द्वारा तीन चार दिनों के दौरान सीमित स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी व बारिश की संभावना है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान लो प्रेशर एरिया जो उत्तर प्रदेश पर है, कमजोर पड़ जाएगा। परन्तु 5 जुलाई को एक नया ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से एक प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन बनने से और साथ ही साथ इस दौरान बंगाल की खाड़ी पर एक लो प्रेशर एरिया बनेगा जो धीरे धीरे उत्तर पश्चिम की और बढ़ेगा। इन दोनों मौसमी प्रणालियों द्वारा अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से प्रचूर मात्रा में नमी मिलने से सम्पूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मानसून गतिविधियों का नया दौर देखने को मिलेगा। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में 5-10 जुलाई के दौरान अच्छी बारिश की गतिविधियों की संभावना बन रही है। आज हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई और आमजन को पसीने वाली गर्मी से रुबरु होना पड़ा। हालांकि सम्पूर्ण इलाके पर आंशिक बादलवाही भी देखने को मिली।
आज अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस से 38.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है जबकि जिला महेंद्रगढ़ में नारनौल और महेंद्रगढ़ का अधिकतम तापमान क्रमश 35.5 डिग्री सेल्सियस और35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस से 29.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। जबकि जिला महेंद्रगढ़ में नारनौल और महेंद्रगढ़ का रात्रि तापमान क्रमश 29.2डिग्री सेल्सियस और 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जिला महेंद्रगढ़ में रात्रि तापमान में 4.0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई है जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें - Faridabad : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान व विधायक नीरज शर्मा के उलझे सींग