Haryana के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बोले : कृष्णा-कृष्णा का गुणगान करके दूर किया जा सकता कैंसर जैसे रोग
- राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व विधायक सुभाष सुधा ने इस्कॉन की कुरुक्षेत्र टूरिज्म वेबसाइट का किया शुभारंभ
- राज्यपाल ने इस्कॉन के कुरुक्षेत्र 48 कोस धाम टूरिज्म पैकेज के ब्रौशर का किया विमोचन
;
Kurukshetra : राज्यपाल हरियाणा बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि कृष्णा-कृष्णा का गुणगान करके कैंसर जैसे रोगों को भी दूर किया जा सकता है। इसके लिए मनुष्य को भगवान कृष्ण के भक्ति रस में डूबना होगा। इस भक्ति रस से ही पूरी मानव जाति का कल्याण संभव हो सकता है। इस कार्य को इस्कॉन के भक्त बखूबी कर रहे है। इस संस्थान के भक्तों को पवित्र ग्रंथ के संदेशों को भी जन-जन तक पहुंचाने के लिए गांव स्तर पर समितियों का गठन करना होगा।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, विधायक सुभाष सुधा, इस्कॉन कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष साक्षी गोपाल महाराज ने इस्कॉन की तरफ से तैयार की गई कुरुक्षेत्र टूरिज्म.काम वेबसाइट के साथ-साथ कुरुक्षेत्र 48 धाम के टूरिज्म पैकेज ब्रोशर का विमोचन किया। उन्होंने भगवान कृष्ण का अभिषेक करने की रस्म भी अदा की। राज्यपाल ने इस्कॉन मंदिर का अवलोकन किया और जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की धरा पर ही अर्जुन का मोह तोड़ने के लिए गीता के उपदेश दिए थे। इन उपदेशों को अपने जीवन में धारण करने वाला व्यक्ति अपने मनुष्य जीवन को सफल बना सकता है।
उन्होंने कहा कि इस्कॉन के भक्त देश ही पूरी दुनिया में भगवान कृष्ण का प्रचार प्रसार कर रहे है। इन भक्तों के प्रयासों से ही विश्व के अधिकतर भक्त भगवान कृष्ण के साथ जुड़ कर कृष्णा-कृष्णा का जाप कर रहे है। इस मंदिर के प्रवेश द्वार पर बच्चों ने जब कृष्णा-कृष्णा का जाप किया तो एक सुखद अहसास हुआ और मन को शांति मिली। इसे सहजता से महसूस किया जा सकता है कि इस्कॉन भक्तों के प्रयास रंग ला रहे है और भावी पीढ़ी भक्ति रस में डूब रही है। इस भक्ति रस का आज पूरी मानव जाति को अपने शरीर में संचार करने की जरूरत है। इस भक्ति रस के संचार से विश्व शांति स्थापित होगी और समाज के लोग जाति पाति, छुआछूत जैसी कुरीतियों से दूर हो सकेंगे। इस्कॉन के भक्त सेवा भाव से कार्य कर रहे है। इस संस्थान ने कोरोना काल में हैदराबाद में लाखों-करोड़ों लोगों को भोजन उपलब्ध करवाने का काम किया। संस्थान से सभी लोगों को प्रेरणा लेनी की जरूरत है।
यह भी पढ़ें - Rewari : अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला से किया दुष्कर्म