हरियाणा पुलिस बनी रक्षक : नेशनल हाईवे पर क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे पांच लोगों की बचाई जिंदगी
ये लोग चंडीगढ़ से धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे। कैथल रोड पर कलायत बाईपास के नजदीक सुबह के समय अचानक फारच्युनर गाड़ी कई पलटी खाती हुई बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।;
हरिभूमि न्यूज. कलायत/कैथल
सेवा, सुरक्षा और सहयोग को चरिर्थात करते हुए हरियाण के कैथल जिले में हरियाणा पुलिस एक बार फिर से चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय मार्ग पर सडक दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे पांच लोगों की जान बचाने में सफल रही। ये लोग चंडीगढ़ से धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे। इस दौरान कैथल रोड पर कलायत बाईपास के नजदीक सुबह करीब 3 बजकर 15 मिनट पर अचानक फारच्युनर गाड़ी कई पलटी खाती हुई बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें फंसे लोगों ने मदद के लिए आवाजें भी लगाई। आसपास कोई न होने के कारण ये संकट में फंसे रहे। तभी मार्ग पर गश्त कर रहे कलायत थाना प्रभारी बलदेव सिंह और उनकी टीम की नजर पलटे हुए वाहन पर पड़ी। वे तत्काल मौका स्थल पर पहुंचे और अंदर फंसे लोगों को निकालने के प्रयास शुरू हुए। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस कर्मी चार लोगों को वाहन से बाहर निकालने में सफल रहे।
जैसे ही टीम घायलों को जिला अस्पताल में ले जाने को तैयार हुई फिर से क्षतिग्रस्त वाहन से चीख सुनाई पड़ी। पुलिस कर्मी समझ गए कि अभी कोई और भी जख्मी वाहन में फंसा है। यहां-वहां तलाश करने पर आखिरकार पुलिस ने विपदा में फंसे युवा को बाहर निकाल लिया। सर्च अभियान में पुलिस को जब सुनिश्चित हो गया कि अब वाहन में कोई नहीं है उपरांत सभी घायलों को जिला अस्पताल उपचार के लिए दाखिल करवाया गया। उल्लेखनीय है कि जिला पुलिस कप्तान मकसूद अहमद के आदेश पर कलायत पुलिस द्वारा निरंतर गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। चार जून को भी कलायत थाना प्रभारी ने पुलिस कर्मियों व ग्रामीणों की मदद से कलायत-बालू मार्ग पर क्षतिग्रस्त वाहन से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल कर त्वरित तौर से अस्पताल पहुंचाया था। यदि इन लोगों को समय पर मदद न मिलती तो बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। इस प्रकार संजीदगी से ड्यूटि का निर्वहन करने पर क्षेत्र के लोग निरंतर कलायत थाना प्रभारी और उनके कर्मियों की मुस्तैदी पर आभार जताते आए हैं।