हरियाणा विधानसभा में किए जाएंगे कई बदलाव, अब सत्र भी सत्र पूरी तरह होंगे पेपरलैस

हरियाणा विधानसभा को पेपरलैस करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सदन में वाइरिंग का काम शुरू हो गया है। 15 जून से पहले डिजीटलाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।;

Update: 2022-05-09 14:33 GMT

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा को पेपरलैस करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सदन में वाइरिंग का काम शुरू हो गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम की खरीद प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सोमवार को प्रदेश सरकार के सूचना एवं तकनीकी विभाग, वित्त, पीडब्ल्यूडी, हारट्रोन, वास्तुकार, बीएसएनएल, एनआईसी और निक्सी के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विधानसभा के डिजिटलाइजेशन प्रोजेक्ट की अब तक की प्रगति का जायजा लिया गया।

विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने नेवा प्रोजेक्ट के तहत हो रहे प्रशिक्षण कार्य का भी ब्यौरा लिया। अधिकारियों ने बताया कि विधान भवन में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से प्रशिक्षण कार्य शुरू हो चुका है। विधान सभा अध्यक्ष ने हिदायत दी कि जल्द ही विधायकों और कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सत्र की कार्यवाही के दौरान प्रश्न काल व विधेयकों के प्रस्तुत करने इत्यादि तकनीक की बारीकियों को समझने का आह्वान किया। बैठक में हारट्रोन के प्रबंध निदेशक मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि विधान सभा के लिए 108 टचपैड, सिसको वाईफाई और यूपीएस के लिए टेंडर हो चुके हैं। जल्द ही इन आइटम के खरीद आदेश जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्य में प्रयोग होने वाले 174 कंप्यूटरों की खरीद का मामला शीघ्र ही हाई पर्चेज कमेटी के सम्मुख रखा जाएगा।

बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने उच्च स्तरीय हाउस कमेटी के सदस्यों के साथ सदन में हो रहे कार्य का जायजा लिया। वहां उन्होंने सैंपल के तौर पर नए डेस्क पर लगे माइक और टैब स्टैंड का मुआयना किया। विधान सभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि माइक और टैब के स्टैंड की ऊंचाई विधायकों के लिए सुविधाजनक हो। उन्होंने कहा कि टैब की ऊंचाई 18 इंच जबकि फ्लैक्सिबल माइक 24 इंच लंबे होने चाहिए। अधिकारियों ने अगले एक सप्ताह में यह कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि 15 जून से पहले डिजीटलाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि आने वाला सत्र पूरी तरह पेपर लैस होगा।

Tags:    

Similar News