Haryana Weather : हरियाणा व चंडीगढ़ में कल भारी बारिश की चेतावनी, 3 जिलों में आरेंज और 19 में येलो अलर्ट
28 से 31 जुलाई और 1 से 4 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी पंजाब, हरियाणा एनसीआर दिल्ली व चंडीगढ़ में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा।;
Mausam Ki jankari
हरियाणा में मौसम पूर्वानुमान के अनुसार चंडीगढ़ के अलावा हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पानीपत, करनाल, जींद, कैथल सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। भारतीय मौसम विभाग ने 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और शेष हरियाणा के जिलों पर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। कुछ स्थानों पर 31 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। बृहस्पतिवार को मानसून की ट्रर्फ रेखा उत्तर की ओर शिफ्ट होने के कारण उत्तर भारत भारत के पर्वतीय और मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मानसून बारिश की गतिविधियों में वृद्धि का दौर जारी है।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि अगले एक सप्ताह के दौरान मानसून टर्फ रेखा उत्तर में स्थित रहने की संभावनाएं बन रही है। साथ ही साथ एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने वाला है जिसकी वजह से पंजाब पर एक प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन बनने की संभावना बन रही है। जबकि मानसून टर्फ रेखा पहले से ही उत्तरी मैदानी राज्यों पर स्थित है जिसकी वजह से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की नमी वाली हवाओं से उत्तरी पर्वतीय और मैदानी राज्यों में 28 से 31 जुलाई और 1 से 4 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी पंजाब, हरियाणा एनसीआर दिल्ली व चंडीगढ़ में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा। वर्तमान परिदृश्य में अनेक मौसम प्रणाली के समावेश से उत्तरी मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में झमाझम बारिश देखने को मिलेगी।
बृहस्पतिवार अलसुबह से ही हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। आज हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर 31.0 से 36.6 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 24.0 से 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।