Haryana Weather Update : पश्चिमी- दक्षिणी जिलों में रेड अलर्ट जारी, पारा पहुंचा 48.1 पर, लू के थपेड़ों ने किया बुरा हाल
प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक उच्चतम तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम का दर्ज किया गया। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, फरीदाबाद आदि का अधिकतम तापमान 47.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।;
हरियाणा में लू के थपेड़ों ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक उच्चतम तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम का दर्ज किया गया। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, फरीदाबाद आदि का अधिकतम तापमान 47.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जिला महेंद्रगढ़ ने अधिकतम तापमान ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जिले में नारनौल का अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस व महेंद्रगढ़ का 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजकीय महाविद्यालय के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा. चंद्रमोहन ने बताया कि मैदानी राज्यों राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में जारी भीषण गर्मी से भी अगले 24 घंटे तक राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। जिसकी वजह से मौसम विभाग ने हरियाणा के पश्चिमी दक्षिणी जिलों पर रेड अलर्ट व शेष हरियाणा पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है।
उन्होंने बताया कि 16 मई से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से राज्य के ज्यादातर भागों में हीटवेव से राहत मिलेगी। इस दौरान अधिकतर स्थानों पर तापमान 38.0 से 43.0 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर 16 व 17 मई को पर्वतीय क्षेत्रों पर ज्यादा रहेगा, जबकि मैदानी राज्यों में पंजाब, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, एनसीआर दिल्ली, हरियाणा के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल में पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ ही अंधड़ आंधी चलने व गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि हवाओं के साथ उपयुक्त मात्रा में नमी के सप्लाई ना होने की वजह से व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना कम है, केवल छुटपुट स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
बारह साल में सबसे गर्म रहा 15 मई
रेवाड़ी में बारह साल के इतिहास में 15 मई का दिन पहली बार सबसे गर्म दिन साबित हुआ है। रविवार को इस सीजन में तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बाजार दोपहर के समय सुनसान हो गए। सड़कों पर वाहनों की संख्या भी काफी कम रही। लू के प्रकोप के कारण लोगों ने अपने घरों में ही रहना उचित समझा। जिन्हें जरूरी कार्य रहा, वही लोग घरों से बाहर नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार एक दशक में मई माह में 2 बार तापमान 47 डिग्री पहुंचा था, लेकिन यह 25 मई के बाद ही पहुंचा था। 15 मई के दिन पहली बार इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार जल्द मौसम में बदलाव होने की उम्मीद है। हल्की बूंदाबांदी के बाद सोमवार के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है।